
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। कांग्रेस ने पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को साइक्लोथॉन (साइकिल रैली) निकाली। इंदौर से शुरू हुई यह साइक्लोथॉन देवास होते हुए भोपाल की ओर रवाना हुई। देवास में शिप्रा से लेकर भोपाल चौराहा तक अलग-अलग स्वागत मंच लगाए गए थे।
साइक्लोथॉन के बहाने शक्ति प्रदर्शन भी दिखा और कुछ नेता साइकिल तो कुछ कार में सवार रहे। इधर, कांग्रेस नेताओं को यह साइक्लोथॉन रास नहीं आई और उनकी जेब भी कटी, जिसे लेकर इंटरनेट मीडिया में चुटकियां ली गईं।
दरअसल, देश में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में और प्रदेश में मुफ्त शिक्षा की मांग को लेकर 14 जुलाई से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर से युवा स्वाभिमान साइक्लोथान रैली का शुभारंभ किया। रैली के देवास आगमन पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम के नेतृत्व में रसूलपुर चौराहे पर अगवानी की गई। कांग्रेस प्रवक्ता हारिस गजधर ने बताया कि शहर के विभिन्न चौराहों पर कांग्रेसजन ने स्वागत किया।
सयाजी द्वार पर जीतू पटवारी ने संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा राजनीतिक उद्देश्य के लिए नहीं है। राहुल गांधी ने देश के छात्रों की शिक्षा की सुरक्षा के लिए देशभर में छात्रों की गूंज अभियान शुरू किया है। इस अभियान का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है, बल्कि मकसद सिर्फ देश के भविष्य को बचाना और संवारना है।
प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों का घोर अभाव है, साथ ही 30 प्रतिशत क्षेत्र में या तो स्कूल भवन नहीं है और अगर है तो वे खराब हैं। हम केजी से पीजी तक प्रदेश में मुफ्त शिक्षा की मांग करते हैं। पूरे देश में पेपर लीक माफिया सक्रिय है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा, देवास प्रभारी सुरेंद्र सिंह शेरा, प्रदीप चौधरी, राजवीर सिंह बघेल, गुरुचरण सिंह सलूजा, जाहिद पठान, भगवान सिंह चावड़ा आदि उपस्थित रहे।
साइक्लोथान में कांग्रेस ने एकजुटता की बातें की, लेकिन देवास में कांग्रेस टुकड़ों में ही नजर आई। मौजूदा अध्यक्षों व पूर्व अध्यक्षों की बीच की राजनीतिक खींचतान भी इसमें नजर आई। कार्यक्रम को लेकर जो फ्लेक्स लगाए गए उनमें कमलनाथ व उनके समर्थकों का फोटो न होने की बहस छिड़ी तो दूसरे ग्रुप के नेताओं जो फ्लेक्स लगाए उनमें भी विरोधी गुट के नेताओं के फोटो नदारद रहे। एेसे में सवाल उठे कि जनहित के मुद्दे उठाने का दावा करने वाली कांग्रेस खुद की लड़ाई से ही बाहर नहीं आ पा रही।
साइक्लोथान के दौरान जेबकतरे सक्रिय रहे। कई जगहों पर भीड़ का फायदा उठाकर कांग्रेस नेताओं की जेब कटी। कुछ नेता सामने आ गए तो कुछ संकोचवश बताने से बचते रहे। अभिभाषक संघ के सचिव व कांग्रेस नेता चंद्रपालसिंह सोलंकी ने बताया कि उनकी जेब कटी। 25 हजार रुपये रखे थे। इस पर वीडियो डालकर चुटकी भी ली गई। इसमें जीतू पटवारी अपने स्वागत में पहने हुए हार उतारकर सोलंकी के गले में डालते दिख रहे। इंटरनेट मीडिया में लिखा गया कि हार की कीमत नकदी से चुकानी पडी़। कुछ अन्य लोगों की जेब भी कटी। स्वागत के लिए लगाए गए मंचों के कारण रास्ता बाधित भी हुआ। उज्जैन रोड पर जाम की स्थिति बनी। इंदिरा गांधी प्रतिमा चौराहे से उज्जैन रोड तक जाम लगा। अन्य मार्गों में भी यही हाल रहा।
साइक्लोथॉन का स्वागत करने के लिए होड़ मची रही। रसूलपुर से लेकर भोपाल चौराहे तक स्वागत मंच लगाए गए। कई नेताओं ने समर्थकों की भीड़ जुटाई। खर्च कर फूल मंगवाए। कई जगह तो बुल्डोजर से स्वागत किया, जिसमें फूल भरकर पटवारी पर उड़ाए। कार्यकर्ताओं ने यह सोचकर भी खर्च किया कि आगामी समय में नगर निगम व विधानसभा-लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अभी से पटवारी की नजर में आना जरूरी है। इधर, विरोधी गुट के नेता थोड़े मायूस ही दिखे क्योंकि अगवानी का जिम्मा दूसरोें के पास था। बीच में यह बात भी प्रसारित की गई कि क्या पूरी यात्रा साइकिल से जाएगी या बीच में कार में बैठकर रवाना होंगे।