
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा के गुरुवार को देवास दौरे के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। जानकारी मिलते ही सोनकच्छ क्षेत्र के बीसाखेड़ी मॉडल स्कूल के छात्र-छात्राएं अपनी सड़क की समस्या लेकर सर्किट हाउस पहुंच गए।
छात्राओं ने उपमुख्यमंत्री से कहा, "सर, हमारी सड़क बनवा दो... हमारी प्रॉब्लम सुनो।" उन्होंने आरोप लगाया कि 181 हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद ग्राम सचिव उन्हें धमकाते हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सड़क और पुल, दोनों का निर्माण कराया जाएगा तथा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
छात्राओं ने बताया कि जलोदिया और ढाबला के बीच करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क वर्षों से जर्जर है। बारिश के दिनों में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे प्रतिदिन स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी होती है। कई बार देर से पहुंचने पर शिक्षकों की डांट भी सुननी पड़ती है। विद्यार्थियों ने सड़क के साथ पुल निर्माण की भी मांग रखी।
उधर, जैसे ही सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर को बच्चों के सर्किट हाउस पहुंचने की जानकारी मिली, वे बच्चों के पास पहुंचे और विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्या शीघ्र हल कराने का भरोसा देते हुए कहा, "मुझे पहले कभी किसी ने इस समस्या से अवगत नहीं कराया था। आज जानकारी मिली है, सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने का प्रयास करूंगा।"