टीम इंडिया की जीत के बाद देवास में जश्न के दौरान मचा उत्पात, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; 4 गिरफ्तार
देवास पुलिस ने पटाखे फेंककर शांति भंग करने के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इनकी पहचान की गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 09 Mar 2026 09:48:01 AM (IST)Updated Date: Mon, 09 Mar 2026 10:01:35 AM (IST)
पटाखा लगने से कुछ लोग और पुलिसकर्मी घायल हो गए।HighLights
- देवास में रविवार रात को सयाजी द्वार पर पहुंचे थे लोग
- लोगों और पुलिस के ऊपर फेंके जलते हुए पटाखे
- इसके बाद पुलिस ने उत्पातियों पर चलाया डंडा
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत के बाद देवास में सयाजी गेट के सामने मन रहे जश्न उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। कुछ लोगों ने पटाखे जलाकर आसपास खड़े लोगों व महिलाओं के साथ पुलिसकर्मियों पर फेंकना शुरू कर दिए। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
कुछ लोगों ने पटाखे फोड़े, जो पुलिसकर्मियों पर गिरे। पुलिसकर्मियों के साथ सीएसपी को भी मामूली चोट आई। देर रात तक सयाजी द्वार पर भीड़ लगी रही और फोर्स तैनात रहा। पुलिस ने पटाखे फेंककर शांति भंग करने के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इनकी पहचान की गई।
कई परिवार पहुंचकर जश्न मना रहे थे
भारत ने न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में हराकर विश्व कप अपने नाम किया तो रंगपंचमी के दिन देवास में उत्साह चरम पर पहुंच गया था। रंग-गुलाल के साथ हुई आतिशबाजी ने पूरे माहौल को दीवाली जैसा बना दिया था। मैच खत्म होने से पहले ही शहर में जश्न शुरू हो गया था। रात को सयाजी द्वार पर बड़ी संख्या में युवा और कई परिवार पहुंचे और जमकर जश्न मनाया।
जमकर आतिशबाजी की गई और युवाओं ने एक-दूसरे पर रंग-गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया। मैच के दौरान भारतीय गेंदबाजी के समय जसप्रीत बुमराह के एक ओवर में दो विकेट गिरने के बाद युवाओं का उत्साह और बढ़ गया। मुख्य मार्गों से युवा भारत माता की जय और जय-जय सियाराम के उद्घोष करते हुए जुलूस की शक्ल में सयाजी द्वार पहुंचने लगे।