
नईदुनिया न्यूज, उदयनगर (देवास)। पिछले दिनों उदयनगर मेले में युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपी गोरेलाल चौहान ने बताया कि वह अपने दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए लंबे समय से मौके की तलाश में था। मेले में जैसे ही उसे संजय कन्नौजे दिखाई दिया तो उसने चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित गोरेलाल निवासी इमलीपुरा को रविवार को बड़वानी जिले के सेंधवा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह बाइक से महाराष्ट्र भागने की फिराक में था। पुलिस लगातार उसका पीछा कर रही थी और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने बताया इस साल फरवरी में ग्राम मगरादेह में एक विवाह समारोह के दौरान नाचने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में उसके मित्र सुमित निवासी लाइनपुरा (काटकूट) जिला खरगोन की हत्या हो गई थी।
आरोपित का आरोप है कि इस घटना में संजय के परिवार के लोग शामिल थे। तभी से उसने बदला लेने की ठान ली थी। आरोपित ने पुलिस को बताया कि इसके बाद भी उसका संजय से कई बार विवाद हुआ। शुक्रवार रात उदयनगर मेले में जब उसने संजय को मेले की पार्किंग के पास देखा तो पुराने विवाद और बदले की भावना के चलते उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद वह मौके से फरार हो गया।
गौरतलब है कि गंभीर रूप से घायल संजय कन्नौजे निवासी मगरादेह को पहले उदयनगर अस्पताल ले जाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया, रास्ते में ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश में उसके रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार दबिश दी।
इस दौरान पता चला कि फरारी के दौरान आरोपित कुछ रिश्तेदारों के यहां पहुंचा था लेकिन उन्होंने उसे अपने यहां नहीं रखा। इसके बाद उसने परिचितों से रुपये लेकर बाइक में पेट्रोल भरवाया और भाग निकला था। बागली एसडीओपी संजय सिंह बैस के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को सेंधवा क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता पाई थी। थाना प्रभारी विजेंद्रसिंह सोलंकी ने बताया आरोपित गोरेलाल के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू एवं बाइक को जब्त किया गया। आरोपित को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।