देवास की अंतिम सीमा के गांव नांदला में बिजली लाइन से निकली चिंगारी से 20 बीघा से अधिक की गेहूं फ़सल की खाक
त्योहार बाद इसको काटने की तैयारी चल रही थी लेकिन इससे पहले यह घटना हो गई। आग लगने की सूचना के बाद टोंकखुर्द पुलिस भी मौक़े पर पहुंची थी। बाद में राजस्व ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 04 Mar 2026 09:00:15 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Mar 2026 09:13:59 PM (IST)
देवास में खेत में लगी भीषण आग।HighLights
- जिले की अंतिम सीमा पर बसे गांव नांदला की घटना।
- लंबे समय मशक्क़त के बाद आग पर पाया गया काबू।
- किसानों के खेत जुड़े हुए हैं। उनकी फसल पक चुकी थी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। जिले की अंतिम सीमा क्षेत्र में बसे टोंकखुर्द तहसील के गांव नांदला में बिजली लाइन से निकली एक चिंगारी ने करीब आधा दर्जन से अधिक किसानों की 20 बीघा से अधिक की गेहूं की पकी फसल को बुधवार को खाक कर दिया।
जब तक ग्रामीणों को आग लगने का पता चला तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थे और देखते ही देखते चारों तरफ खेतों में आग फैलने लगी। सूचना मिलने के बाद टोंकखुर्द से फायर ब्रिगेड आदि के इंतजाम किए गए।
मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब 20 बीघा से अधिक के गेहूं जल चुके थे। किसानों के अनुसार खेतों के ऊपर से बिजली कंपनी की लाइन निकली है, इसमें शॉर्ट सर्किट के बाद चिंगारी गिरने से फसल में आग लगी। कई किसानों के खेत आपस में जुड़े हुए हैं और उनकी फसल पक चुकी थी।
त्योहार बाद इसको काटने की तैयारी चल रही थी लेकिन इससे पहले यह घटना हो गई। आग लगने की सूचना के बाद टोंकखुर्द पुलिस भी मौक़े पर पहुंची थी। बाद में राजस्व विभाग से पटवारी आदि भी पहुंचे और नुकसानी का जायजा लिया।
खेत से मिला टूटा हुआ तार..
आग पर काबू पाने के बाद जब ग्रामीणों ने जले हुए खेत का निरीक्षण किया तो वहां से उनको बिजली का एक टूटा हुआ तार भी मिला है। ग्रामीणो का कहना है कि शार्ट सर्किट के बाद तार टूटने से चिंगारी निकली और उसकी चपेट में फसल आ गई।
टोंकखुर्द थाना टीआई मनोज सिंह के अनुसार आग लगने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। आग से गेहूं की काफी फसल को नुकसान होने की सूचना है। आग लगने का कारण पता किया जा रहा है।