
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की मिनी ट्रक से कुचलकर हत्या करने के आरोपित चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत को पुलिस ने आलीराजपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस अभी इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दे रही है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उससे शराब तस्करी के नेटवर्क के बारे में गहराई से पूछताछ की जा रही है।
वह अवैध शराब के परिवहन में लंबे समय से लिप्त पाया गया है। वर्षों से मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों और गुजरात के छोटा उदयपुर व दाहोद तक अवैध शराब पहुंचाने का काम कर रहा था। उसके विरुद्ध वर्ष 2018 और 2021 में अवैध शराब परिवहन के प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। उसका छोटा भाई धर्मेंद्र उर्फ बबलू भी रंगदारी करता है। पिता पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं।
मामले में अब तक शराब तस्करी के मुख्य सरगना कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल, उसके सहयोगी इंदौर निवासी विजय राव और मिनी ट्रक मालिक केरम सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस सोमवार रात में ट्रक मालिक केरम को घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी। इस दौरान उसने भागने की कोशिश की, लेकिन गिरने से चोटिल हो गया। उसका उपचार कराया गया।
बता दें कि रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे देवास के खातेगांव क्षेत्र में इंदौर-बैतूल हाईवे स्थित नर्मदा ढाबे पर अवैध शराब से भरे मिनी ट्रक को रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी को चालक ने वाहन से कुचल दिया था। ट्रक (एमपी 43 एच 4786) का पिछला पहिया उनके सीने और कमर के ऊपर से गुजर गया था। घटना के बाद से चालक फरार था। देवास की एडिशनल एसपी सौम्या जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में शराब तस्करी में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- एमपी के बिजली कर्मचारियों-पेंशनरों को दीवाली गिफ्ट, DA बढ़कर हुआ 60 प्रतिशत, तीन किस्तों में मिलेगा एरियर