
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी में बलिदान हुए सेना के जवान पवन यादव का पार्थिव शरीर देवास जिले के गृहग्राम पोलाय जागीर पहुंचा। बलिदानी की पत्नी शोभा यादव ने कहा- 'पति मेरे हीरो हैं। देश और परिवार का फर्ज पूरी तरह से निभाया। शेर की तरह गए थे और शेर की तरह आए। आपके साथ किए वादे को हमेशा निभाऊंगी। मैं रोऊंगी नहीं, खुशी-खुशी विदा करूंगी। अपने बच्चों को भी भारतीय सेना में भर्ती करवा कर आपका सपना पूरा करूंगी।'
दरअसल, जिस समय पार्थिव देह को अंत्येष्टि के लिए ले जाया जा रहा था, उसी समय पत्नी शोभा पति को अंतिम विदाई दे रही थीं... रोते हुए नहीं, गर्व के साथ। उन्होंने वीर को विदाई भी वीरता से दी। उन्होंने कहा कि मैं खुशकिस्मत हूं जो इनकी पत्नी हूं। धन्य हैं वे माता-पिता जिन्होंने ऐसे वीर को जन्म दिया। इन्होंने मुझे हर खुशी दी और गर्व है कि भारत मां का लाल अपनी मां की गोद में समाया। जिस तरह मुझे पति पर गर्व है, उसी तरह आप सबको होना चाहिए।
पवन के परिवार में पत्नी के साथ दो बेटे हैं। 11 वर्षीय पुत्र हित ने मुखाग्नि दी। सात वर्षीय बेटा सार्थक भी मौजूद रहा। बुजुर्ग माता-पिता के अलावा एक भाई है। सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने सांसद निधि से बलिदानी के नाम पर ग्राम में स्वागत द्वार बनवाने की घोषणा की। कहा कि मैं हमेशा परिवार के साथ हूं। विधायक राजेश सोनकर ने सोनकच्छ में बन रहे आइटीआइ का नाम बलिदानी पवन यादव के नाम पर रखने की घोषणा की और कहा कि जो भी मांगें होंगी, उनको पूरा करवाने की कोशिश करेंगे।
वहीं, अंत्येष्टि के दौरान लोगों ने भाजपा नेताओं को खरी-खोटी सुनाई। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक राजेश सोनकर सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे। नाराजगी इस बात की थी कि एक करोड़ की सहायता, स्वजन को नौकरी और बलिदानी का दर्जा दिए जाने को लेकर कोई बात नहीं की गई। विधायक-सांसद को पुलिसकर्मी निकालकर ले गए।
कांग्रेस नेता व प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा भी वहां मौजूद रहे। वहीं, विधायक सोनकर ने घटना के पीछे कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री ने लोगों को भड़काया। ये लोग उन्हीं के द्वारा लाए गए थे।