नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। चाचा विधायक हैं हमारे...। कुछ इसी तर्ज पर हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज चौधरी के भतीजे निखिल चौधरी ने इंदौर-भोपाल रोड स्थित टोल नाके पर हंगामा किया। घटना छह अगस्त की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विधायक का भतीजा निखिल हाथ में डंडा लिए टोल कर्मियों को धमकाता नजर आ रहा। गाली गलौज भी की जिसके बाद पुलिस ने बीच-बचाव किया।
जानकारी के मुताबिक इंदौर-भोपाल रोड पर भौंरासा के पास टोल नाका है। छह अगस्त को विधायक का भतीजा निखिल चौधरी अपने दो साथियों के साथ सीहोर से देवास आ रहा था। टोल नाके पर पहुंचने पर देखा कि कुछ लोगों का विवाद हो रहा। वह अपने वाहन से उतरा देखने गया कि क्या माजरा है। उसने टोल वालों से पूछा कि क्यों भीड़ लगी है। क्या हुआ है। इस पर टोल कर्मी ने कहा कि तुम कौन हो..अपना काम करो।
इतना सुनते ही निखिल चौधरी हाथ में डंडा लेकर आया और हंगामा शुरू कर दिया। टोलकर्मी को अपशब्द भी कहे। यहां तक कहा कि विधायकजी के नाम से सारी गाड़ी निकलेगी यहां से। घटना के दौरान मौके पर भीड़ लग गई और टोल के दोनों और वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर भौंरासा थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला। मामले में टोल प्रबंधन की शिकायत की शिकायत पर पुलिस ने निखिल चौधरी सहित दो अन्य के खिलाफ गाली गलौज व धमकाने का प्रकरण दर्ज किया। मामले को लेकर विधायक मनोज चौधरी से बात करना चाही, लेकिन उनका फोन बंद था।
इस मामले को लेकर विपक्ष ने भी निशाना साधा है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि जो कुछ भी हुआ वह गलत है। राजनीतिक लोगों के स्वजन को संयम बरतना चाहिए। संजीदा व्यवहार करना चाहिए। जनता उनकी ओर देखती है। अगर टोल वाले की गलती है तो उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- Ujjain Mahakal: बाबा महाकाल की निकलेगी पांचवीं सवारी, इस बार पांच स्वरूपों में भक्तों को देंगे दर्शन
गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल माह में इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रूद्राक्ष ने भी सत्ता की हनक दिखाई थी। देर रात को माता टेकरी पर साथियों के साथ हूटर लगे वाहनों से गया और चामुंडा माता मंदिर के पट बंद होने पर पुजारी को धमकाया कि पट खोलो। मामले में पुलिस विधायक पुत्र को बचाते नजर आई थी, लेकिन चौतरफा दबाव के बाद रूद्राक्ष सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।