देवास में सरपंच प्रतिनिधि ने किया किशोरी से दुष्कर्म, केस दर्ज कर आरोपी को तलाश रही पुलिस
किशाेरी को टीम अपने साथ लेकर आई तब उसने घटना की पूरी जानकारी उस समय नहीं दी, बाद में जब उसकी काउंसलिंग की गई तो दुष्कर्म के बारे में बताया। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 29 May 2026 09:56:28 AM (IST)Updated Date: Fri, 29 May 2026 09:56:28 AM (IST)
किशोरी से किया दुष्कर्म। (प्रतीकात्मक तस्वीर)HighLights
- चाइल्ड हेल्पलाइन पर दी गई थी सूचना, आरोपी की तलाश जारी
- जब उसकी काउंसलिंग की गई तो किशोरी ने दुष्कर्म के बारे में बताया
- बताया जा रहा है कि किशोरी 10 दिन बाद बालिग होने वाली है
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास-हाटपीपल्या। हाटपीपल्या थाना क्षेत्र के ग्राम घुसट के सरपंच प्रतिनिधि ने 17 साल 11 माह की किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना तीन दिन पुरानी है जिसके संंबंध में चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना दी गई थी।
किशाेरी को टीम अपने साथ लेकर आई तब उसने घटना की पूरी जानकारी उस समय नहीं दी, बाद में जब उसकी काउंसलिंग की गई तो दुष्कर्म के बारे में बताया। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग देवास की ओर से आवश्यक प्रक्रिया करके हाटपीपल्या पुलिस को घटना के संबंध में सूचित किया गया।
इसके बाद गुरुवार को आरोपित पर दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि किशोरी 10 दिन बाद बालिग होने वाली है। आरोपित की पत्नी ग्राम की सरपंच है।
आरोपी की तलाश में टीमों को लगाया गया है
हाटपीपल्या थाना प्रभारी दीपक सिंह यादव ने बताया आरोपित का नाम पप्पू बंजारा है, फिलहाल वो फरार है, प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश में टीम को लगाया गया है। टीमें आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही हैं। उसके होने के संभावित ठिकानों को भी खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपी के पकड़ में आने की उम्मीद है।