
नईदुनिया न्यूज, बेहरी (देवास)। जुलाई के प्रथम सप्ताह में हो रही वर्षा ने क्षेत्र में राहत तो दी है, लेकिन परेशानी भी हो रही। वर्षा के चलते कुएं, बावड़ियां और कूप-तालाब पानी का लेवल बढ़ने लगा है। वहीं, नदी-नालों के उफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बेहरी से निकली गुनेरा और राजगढ़ नदी में उफान आने से कई गांवों का संपर्क बागली मुख्यालय से लगभग 6 घंटे तक कटा रहा। शिवाजी चौराहे से गुवाड़ी जाने वाले मार्ग की पुलिया पर भी पानी आने से यातायात 4 घंटे तक ठप रहा।
वर्षा से गांव का रोजमर्रा का जीवन भी अस्त-व्यस्त रहा। मवेशी पालक सुबह खेतों पर दूध निकालने नहीं जा सके। सब्जी विक्रेता बाजार नहीं पहुंच पाए। काम पर जाने वाले सैकड़ों लोग घरों से बाहर नहीं निकल सके। मंगलवार रात और बुधवार सुबह करीब दो घंटे की तेज वर्षा हुई। इससे कई खेतों में जलभराव हो गया।
प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़कों पर पानी की निकासी नहीं होने से कुछ घरों में पानी भर गया। नर्सिंग मोहल्ला निवासी रतन बागवान, ओमप्रकाश बागवान, बहादुर सिंह कर्मा, प्रकाश कर्मा और कैलाश बागवान ने बताया कि उनके घरों के सामने पानी की उचित निकासी नहीं होने से वर्षा का पानी सीधे घरों में भर रहा है, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। बेहरी के बाद चैनपुरा और धावड़िया सहित आसपास के गांवों के लिए यही प्रमुख मार्ग है। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बागली थाना प्रभारी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में एसआई अहमद कुरैशी और कांस्टेबल अनिल करीब चार घंटे तक मौके पर तैनात रहे। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर लोगों को रपटे से गुजरने से रोका। इस संबंध में विधायक मुरली भंवरा का कहना है ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए नदी पर पुल बनाने के लिए मैं प्रयासरत हूं। मेरी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के संभागीय अधिकारी से चर्चा हुई है। भोपाल जा रहा हूं। मुख्यमंत्री से चर्चा कर। शीघ्र ही पुल निर्माण संबंधित सर्वे किया जाएगा।