नईदुनिया न्यूज, पीपलरावां। नगर के कंजर डेरा क्षेत्र में मामूली बात को लेकर मुस्लिम व कंजर समाज के लोगों के बीच शनिवार शाम को विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के करीब 18 लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने रात में ही मेडिकल के लिए सोनकच्छ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
वहां से अधिक चोटिल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों पक्षों के 25 लोगों पर केस दर्ज किया गया। कंजर समाज के लोगों ने कहा जुबेर और सैफुद्दीन मोहल्ले में तेज गति से बाइक चलाते हैं। शनिवार को उनसे कहा गया कि मोहल्ले में छोटे बच्चे खेलते हैं इसलिए बाइक धीरे चलाकर निकाला करें। इस बात पर दोनों ने गालीगलौज करते हुए जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी।
विरोध करने पर उन्होंने अन्य लोगों को बुला लिया और सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आई फुलवंता, रेणुका, राजकुंवर, भगवान और नितिन के साथ भी मारपीट की गई। वहीं मुस्लिम पक्ष ने कहा जुबेर और सैफुद्दीन मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। रास्ते में ललित, उमेश, जितेंद्र, राजेंद्र और सचिन ने गाड़ी रुकवाकर शराब के लिए रुपये मांगे। रुपये नहीं देने पर उन्होंने गालीगलौज की और अन्य लोगों को बुलाकर लाठी-डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए रिजवान, अनीस और आशिक के साथ भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में कई आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- जब असली थाने पहुंचा 'डिजिटल अरेस्ट' का शिकार, तो ठग ने पुलिस को ही दी धमकी- वर्दी उतरवा दूंगा
इन पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने एक पक्ष से फरियादी शकील मंसूरी की शिकायत पर कस्बिया, ललित, उमेश, जितेंद्र हाड़ा, राजेंद्र हाड़ा, सचिन, अस्तेसिंह, इंदरसिंह, नितेश, अशोक, रेणुका, राजकुंवरबाई व एक अन्य के विरुद्ध बलवा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष से फरियादी सुमित पुत्र अरुण सिसोदिया की शिकायत पर जुबेर, रिजवान, अनीस, सैफुद्दीन, अरमान, हमीद, अल्फेज, आशिक, अरहान, रिहान, शकील व शाहबुद्दीन के विरुद्ध बलवा व एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।