
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। जिले में रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की कटाई का दौर शुरू हो गया है। कई क्षेत्रों में कटाई कार्य तेजी से चल रहा है वहीं देरी से तैयार होने वाली किस्म के गेहूं को पकने में अभी समय है। उपज निकालने के बाद कई किसान कृषि उपज मंडियों का रुख भी कर रहे हैं।
हालांकि उनको यहां अपेक्षाकृत कम दाम मिल रहे हैं जिससे किसानों में निराशा है। जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में एक पखवाड़े के अंदर गेहूं की आवक तीन गुना बढ़कर करीब 10 हजार बोरी के लगभग पहुंच गई है।
12 फरवरी को आवक 3142 बोरी थी जो 27 फरवरी को बढ़कर 9900 बोरी को पार कर गई। वर्तमान में गेहूं का मॉडल रेट 2200 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास मिल रहा है। वहीं न्यूनतम भाव 1500 से लेकर अधिकतम 2900 रुपये के बीच रहता है। उधर प्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के इंतजामों के तहत अभी पंजीयन की ही प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए अंतिम तिथि सात मार्च निर्धारित है। इस वर्ष 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाना है।
शादी-ब्याह व त्योहारी सीजन में रुपये की आवश्यकता बागली के किसान मुकेश गुप्ता ने बताया क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिनों से गेहूं कटाई का कार्य चल रहा है। शादी-ब्याह व त्योहारी सीजन के चलते किसानों को रुपयों की आवश्यकता रहती है, ऐसे में कई किसान उपज निकालकर मंडी में बेचने जा रहे हैं, वहां अपेक्षाकृत कम भाव मिल रहे हैं। सरकार को समर्थन मूल्य की खरीदी फरवरी माह से ही शुरू कर देना चाहिए। अभी तो पंजीयन ही चल रहे हैं, इसके लिए छह दिन और बचे हैं।
86 केंद्रों पर अब तक 37 हजार से अधिक पंजीयन समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए चल रहे पंजीयन के तहत जिले के 86 पंजीयन केंद्रों पर अब तक 37 हजार से अधिक किसानों के पंजीयन हो चुके हैं। सबसे अधिक पंजीयन केंद्र खातेगांव तहसील में 19 हैं। इसके अलावा सतवास व कन्नौद में 12-12 केंद्र, सोनकच्छ में 11 केंद्र, देवास में 10 केंद्र, बागली, हाटपीपल्या, टोंकखुर्द में छह-छह केंद्र, उदयनगर में चार केंद्र हैं। यहां किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। इसके अलावा जपं कार्यालयों, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर भी निश्शुल्क पंजीयन करवाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- दुबई में फंसे महाकाल मंदिर के पुजारी विकास शर्मा, बुर्ज खलीफा के पास ठहरे थे, परिजन परेशान
तारीख आवक (बोरी) भाव मॉडल भाव
18 फरवरी 4781 1000-2768 2280
19 फरवरी 3178 1000-2761 2250
20 फरवरी 2738 1830-2797 2000
21 फरवरी 1622 1501-2848 2280
23 फरवरी 4221 1440-2710 2300
24 फरवरी 6125 1440-2972 2350
25 फरवरी 7014 1661-2944 2400
26 फरवरी 6655 1890-2801 2300
27 फरवरी 9912 1575-2851 2200 -
गेहूं की आवक में पिछले कुछ दिनों में बढ़ोतरी जरूर हुई है लेकिन पुराना गेहूं ही अधिक आ रहा है। लगभग 20 प्रतिशत तक नए गेहूं की आवक शुरू हुई है। होली के बाद इसमें तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है- अरविंद परिहार, मंडी सचिव देवास।