मायके गई पत्नी वापस नहीं लौटी तो मोबाइल टाॅवर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने सुरक्षित उतरवाया
पूछताछ में युवक ने अपना नाम पवन पुत्र विलामसिंह निवासी ग्राम पारस बताया। टाॅवर पर चढ़ने का कारण पूछने पर उसने बताया उसकी पत्नी मायके चली गई है और वापस ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 04 Jun 2026 07:53:28 PM (IST)Updated Date: Thu, 04 Jun 2026 07:58:02 PM (IST)
मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक।HighLights
- मामले की सूचना डायल-112 के माध्यम से बागली थाना पुलिस मिली।
- टाॅवर पर चढ़ने का कारण पूछने पर उसने बताया पत्नी मायके गई।
- वापस नहीं लौट रही है। वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। पत्नी के मायके जाने के बाद वापस नहीं लौटने से मानसिक रूप से परेशान एक युवक गुरुवार को जिला मुख्यालय से करीब 75 किमी दूर पुंजापुरा क्षेत्र में एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते कुछ देर में माैके पर लाेगों एकत्रित हो गए।
मामले की सूचना डायल-112 के माध्यम से बागली थाना पुलिस मिली, इसके बाद सैनिक प्रेम टैगोर एवं पायलट पन्नालाल जामले कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंचे। यहां युवक टावर पर करीब 35 फीट की ऊंचाई पर चढ़ा हुआ था।
युवक से बातचीत करके समझाइश देते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पवन पुत्र विलामसिंह निवासी ग्राम पारस बताया। टाॅवर पर चढ़ने का कारण पूछने पर उसने बताया उसकी पत्नी मायके चली गई है और वापस नहीं लौट रही है जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था।
इसी कारण से वो टाॅवर पर चढ़ गया था। युवक को पुलिस सहायता केंद्र पुंजापुरा लाया गया और आवश्यक समझाइश दी गई। स्वजन से भी संपर्क करके उनको घटना से अवगत कराया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद बागली थाना टीआई मनोज सिंह भी मौके पर पहुंचे थे, हालांकि तब तक युवक टावर से नीचे उतर आया था। टीआई सिंह ने बताया किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई, पूछताछ में पता चला है कि उसका ससुराल उदयनगर क्षेत्र में है। पत्नी के वापस नहीं आने के कारण का पता लगाया जा रहा है।