
नईदुनिया प्रतिनिधि, पीथमपुर। धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार दोपहर महू-नीमच हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। सेंट फ्रांसिस स्कूल से छुट्टी होने के बाद बाइक से घर लौट रहे दो भाइयों और उनकी मौसेरी बहन को महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्राले ने अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शवों को पीथमपुर सिविल अस्पताल भिजवाया।
सेक्टर-1 थाना पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों बच्चे उत्कर्ष आंगन कॉलोनी के निवासी थे। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला प्रियांश गुरुवार को स्कूल नहीं गया था। दोपहर में वह अपने छोटे भाई मोक्ष को लेने सेंट फ्रांसिस स्कूल पहुंचा था। मोक्ष पांचवीं और उनकी मौसेरी बहन आरुषि सातवीं कक्षा में पढ़ती थी।
स्कूल की छुट्टी होने के बाद प्रियांश दोनों को बाइक (एमपी 40 एमएल 4037) पर बैठाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान महू-नीमच हाईवे पर महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रियांश, उसके छोटे भाई मोक्ष और मौसेरी बहन आरुषि की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता के चलते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में सड़क पर मिला कचरा, दारोगा और CSI का वेतन कटा, निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने दिए निर्देश
दुर्घटनाग्रस्त बाइक के आधार पर बच्चों की पहचान की गई और उनके स्वजन को सूचना दी गई। हादसे में तीनों बच्चों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं ट्राला चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।