
नईदुनिया न्यूज, बदनावर (धार)। ग्राम कोद में सोमवार रात बड़ा हादसा टल गया, जब वहां आयोजित रात्रिकालीन केपीएल टूर्नामेंट देखने के लिए मोबाइल देखते हुए जा रहा एक युवक अचानक 60 फीट गहरे कुएं में गिर गया। गनीमत रही कि कुएं में पानी भरा होने से उसकी जान बच गई।
ग्राम निवासी 20 वर्षीय पीयूष पुत्र जीवन बैरागी रात में क्रिकेट टूर्नामेंट मैच देखने हजारी बाग की ओर मोबाइल देखते-देखते हुए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बिना मुंडेर वाले कुएं के पास पहुंचने पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। कुएं में करीब 20 फीट पानी भरा हुआ था।
घटना होते ही आसपास मौजूद युवकों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत रस्सी की सहायता से युवक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। युवक को मामूली चोटें आईं, जबकि उसका आइफोन मोबाइल कुएं में ही गिर गया। प्राथमिक उपचार के बाद रात में ही युवक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में आए पूर्व मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव भी अस्पताल पहुंचे और युवक का हालचाल जाना। ग्रामीणों ने बताया कि बदनावर क्षेत्र में कई स्थानों पर वर्षों पुराने बिना मुंडेर वाले अनुपयोगी कुएं खुले पड़े हैं। इन कुओं में आए दिन पशुओं और लोगों के गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे कुओं पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
गंधवानी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को अवैध 12 बोर देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस एवं मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से कुल 25 हजार 900 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उचित इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस ने सोमवार को थाना परिसर के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित 22 वर्षीय करण पुत्र मगन डावर निवासी ग्राम हरणचापड़ा बयडीपुरा को पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपित के कब्जे से अवैध 12 बोर देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपित को मौके से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित करण ने बताया कि उसने देशी कट्टा और कारतूस उमेश पुत्र दशरथ सोलंकी निवासी हरणचापड़ा से लिए थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने उमेश को उसके घर से गिरफ्तार किया। उमेश ने पूछताछ में बताया कि उसने यह कट्टा अपने साथी धर्मेंद्र से खरीदा था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। दोनों आरोपितों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना, उपनिरीक्षक विनय परमार, प्रधान आरक्षक मालसिंह, गंगाराम तथा आरक्षक सियाराम और दयाराम का योगदान रहा।
धार में दो युवकों की संदिग्ध मौत को लेकर स्वजन बोले- हमला किया गया, पुलिस मान रही हादसा