
नईदुनिया न्यूज, धामनोद (धार) : अंधविश्वास और पाखंड के नाम पर इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। समीप के ग्राम भगवानिया गांव के गाड़ियादगड़ निवासी एक महिला के साथ झाबुआ जिले के ग्राम भेरूपड़ा में भूत-प्रेत की बाधा व झाड़-फूंक के नाम पर बेरहमी से मारपीट की गई और जलते कंडे के काेयले रख उसका हाथ तक जला दिया गया।
स्वजन के अनुसार आठ सितंबर को महिला उसके पति के साथ कथित बाबा 55 वर्षीय लक्ष्मण रालू निनामा ग्राम भेरूपड़ा जिला झाबुआ के पास गया था। आरोप है कि महिला के पति को कमरे से बाहर कर दिया गया। इसके बाद कथित बाबा सहित चार अन्य लोगों ने महिला को पकड़ रखा और उसके साथ मारपीट कर प्रताड़ित किया।
महिला के साथ तांत्रिक द्वारा बाल खींचना, पेट पर लात रखने जैसे भी संगीन आरोप लगाए गए हैं। महिला का धामनोद सामुदायिक केंद्र में उपचार किया गया। पुलिस को मामले में आवेदन दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता का उपचार सीएचसी धामनोद में कराया गया। थाना धामनोद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 127(2) एवं 3(5) के तहत शून्य पर प्रकरण दर्ज किया। इसके पश्चात शून्य की एफआईआर थाना रायपुरिया प्राप्त होने पर अपराध क्रमांक 289/2026 में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी के नेतृत्व में थाना रायपुरिया एवं चौकी झकनावदा की संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया और पीड़िता के बयान दर्ज करने के लिए टीम को धामनोद भेजा गया। चौकी प्रभारी झकनावदा सुरेंद्र सिंह सिसौदिया और थाना रायपुरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया:
* लक्ष्मण पिता रालु निनामा (ग्राम भेरुपाड़ा) - मुख्य आरोपी एवं झाड़-फूंक करने वाला
* कमलेश पिता लक्ष्मण निनामा (ग्राम भेरुपाड़ा)
* बहादुर पिता अंबाराम निनामा (ग्राम भानगढ़, थाना सरदारपुर)
* दिनेश पिता बंशी भाबर (ग्राम बंधव, थाना मनावर)
मुख्य आरोपी लक्ष्मण निनामा ने पूछताछ के दौरान अपने साथियों के साथ मिलकर इस अमानवीय घटना को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
झाबुआ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बीमारी या किसी भी अन्य समस्या के समाधान के लिए अंधविश्वास और झाड़-फूंक जैसे कुकृत्यों का सहारा बिल्कुल न लें। इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
यह भी पढ़ें- बस्तर में अंधविश्वास का खूनी खेल: जादू-टोना के शक में दो भाइयों ने मिलकर ग्रामीण को उतारा मौत के घाट