
शैलेंद्र लड्डा, नईदुनिया, सुसारी (धार) : आस्था, सेवा और जनसहयोग से धार जिले में नर्मदा किनारे सरदार सरोवर बांध के डूब में आए कोटेश्वर तीर्थ के समीप नवीन नर्मदा घाट कोटेश्वर (कोठड़ा) में प्रदेश में नर्मदा किनारे घाट के समीप अब तक का सबसे बड़ा आठ हजार स्क्वेयर फीट का टिन शेड बनाया गया है। इसे महज 11 दिनों में 13 लाख रुपये की जनसहयोग राशि एकत्रित कर बनाया गया है और इसका नाम मां नर्मदा मंडपम रखा गया है। इसका लोकार्पण शुक्रवार को अमावस्या पर्व पर किया जाएगा।
प्रदेश में नर्मदा किनारे सरदार सरोवर बांध के बैकवाटर क्षेत्र में जनसहयोग से पहले घाट का निर्माण 54 घंटे में 54 लाख रुपये की लागत से 54 सीढ़ियों का निर्माण कर किया गया था, जिसका लोकार्पण 11 अगस्त को अमावस्या पर्व पर किया गया था। अब इसके ठीक एक माह बाद शुक्रवार को आगामी अमावस्या पर्व पर यहां घाट के सबसे ऊपरी हिस्से में मां नर्मदा सभा मंडप का लोकार्पण साधु-संतों की उपस्थिति में किया जाएगा। साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन भी होगा।
कोटेश्वर नर्मदा बहुउद्देशीय सेवा संस्थान अध्यक्ष मोहन भाई पाटीदार भवरिया ने बताया कि प्रदेश में नर्मदा के किनारे घाट के समीप आठ हजार स्क्वेयर फीट का इस तरह का शेड नहीं बना हुआ है। यह सभा मंडप 100 बाय 80 फीट में बना हुआ है और इसमें लगभग दो हजार भक्त बैठ सकते हैं। पर्व स्नान के समय धूप और वर्षा से बचाव के साथ धार्मिक आयोजन भी हो पाएंगे। जनसहयोग से इस कार्य के लिए 13 लाख रुपये की राशि खर्च होगी और इसे महज 10 दिनों में तैयार कर दिया गया है।
महज 2 माह में तीन अमावस्या के पर्वों के मध्य भूमिपूजन, घाट और सभा मंडप निर्माण पर जनसहयोग से लगभग 90 लाख रुपये खर्च हुए।
यह भी पढ़ें- इंदौर, ओंकारेश्वर और खंडवा के लिए खुशखबरी, नर्मदा नदी पर बनकर तैयार हुआ 6-लेन आइकोनिक ब्रिज, जल्द शुरू होगा यातायात