
नईदुनिया न्यूज, सुसारी (धार)। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजस्थान के दौसा जिले में हरिद्वार से इंदौर आ रही एक निजी स्लीपर बस में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे भीषण आग लगने से आठ यात्रियों की मौत हो गई। बस में सुसारी निवासी 19 वर्षीय योगिनी पाटीदार भी सवार थीं। उसने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि इस दौरान उसके दोनों हाथों में चोटें आईं।
योगिनी पाटीदार हरिद्वार में बीबीए की पढ़ाई कर रही हैं। वह हरिद्वार से इंदौर के लिए हंस ट्रेवल्स की स्लीपर बस में नीचे की सिंगल सीट पर यात्रा कर रही थीं। योगिनी ने बताया कि बस चालकों की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया।
योगिनी ने बताया कि अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। कुछ ही क्षणों में बस में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति की गंभीरता समझते हुए उन्होंने किसी तरह बस से बाहर छलांग लगा दी। उनके उतरने के कुछ मिनट बाद ही पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
हादसे में घायल योगिनी का प्राथमिक उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। उपचार के बाद उन्होंने अपने पिता शैलेंद्र पाटीदार और माता सीमा पाटीदार को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों रात में ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। बुधवार शाम को कोटा में उनकी बेटी से मुलाकात हुई।
प्राथमिक उपचार के बाद योगिनी भी सुरक्षित रवाना हो गईं। योगिनी के सकुशल बच निकलने से परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन बस में आठ यात्रियों की मौत से सभी स्तब्ध हैं। वहीं इसी हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
राजस्थान में बस हादसा : बंद इमरजेंसी गेट बना काल, पोटली में समेटकर इंदौर लाना पड़े बेटी के अवशेष