
नईदुनिया, कुक्षी (धार)। कुक्षी नगर परिषद में अध्यक्ष और वार्डों के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर चल रही चुनावी तैयारियों को बड़ा झटका लगा है। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय उपनिर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) की निर्वाचन प्रक्रिया को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है।
खास बात यह है कि कुक्षी में मंगलवार से ही नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू होनी थी। नामांकन शुरू होने से ठीक पहले चुनाव स्थगित किए जाने से संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों में हलचल मच गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने 7 सितंबर को जारी आदेश में विभिन्न जिलों से प्राप्त प्रस्तावों का उल्लेख करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया स्थगित करने का निर्णय लिया है। प्रस्तावों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल एवं प्रशासनिक संसाधनों की आवश्यकता, सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में व्यावहारिक कठिनाइयों तथा वर्षाकाल में संभावित आपदा एवं राहत कार्यों में प्रशासन की व्यस्तता जैसे कारण सामने रखे गए थे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी निर्वाचन कार्यक्रम के संदर्भ में निर्वाचन सूचना जारी नहीं की जाए। साथ ही उपचुनाव की प्रक्रिया आगामी आदेश के बाद नए कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी।
कुक्षी में अध्यक्ष पद के साथ विभिन्न वार्डों के चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशी नामांकन की तैयारी में जुटे थे। मंगलवार से नामांकन शुरू होने की उम्मीद के बीच अचानक आए आयोग के आदेश से चुनावी गतिविधियों पर फिलहाल विराम लग गया है। अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को नए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार रहेगा।
यह भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का आधार बना मजबूत नैरेटिव, पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भी सादगी सत्ता से आगे