
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। भोजशाला से जुड़े मामले को लेकर सकल हिंदू समाज के आह्वान पर मंगलवार को धार जिले में आधे दिन का बंद शुरू हो गया। धार शहर सहित जिले के छोटे-बड़े कस्बों में बंद का व्यापक असर दिखाई दे रहा है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अधिकांश बाजार और प्रतिष्ठान बंद हैं। बंद को लेकर हिंदू समाज के लोग सुबह से ही सक्रिय नजर आए। पूरे जिले में बंद शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।
बंद के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए हैं। जिला मुख्यालय पर प्रमुख स्थानों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

सकल हिंदू समाज की ओर से दोपहर तक बाजार बंद रखने का आह्वान किया गया है। इसके तहत सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में समाजजन लालबाग परिसर में एकत्रित होंगे। यहां से सामूहिक रूप से प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के लिए रवाना होंगे। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
समाज की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह बंद सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के विरोध में नहीं है। समाज का कहना है कि प्रशासन द्वारा सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का पूरी तरह पालन नहीं कराया गया। विशेष रूप से खसरा नंबर 612 पर नमाज कराए जाने को लेकर हिंदू पक्ष से सहमति नहीं लिए जाने पर समाज ने आपत्ति जताई है। इसी के विरोध में आधे दिन के बंद का आह्वान किया गया है।

इधर, धार की ऐतिहासिक भोजशाला में भी निर्धारित कार्यक्रम के तहत सत्याग्रह किया गया। सत्याग्रह के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और नियमित रूप से तय सत्याग्रह की व्यवस्था का पालन किया गया। बंद के दौरान फिलहाल जिले में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। धार शहर से लेकर जिले के विभिन्न कस्बों तक बंद का असर दिखाई दे रहा है और समाज की ओर से इसे शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- भोजशाला विवाद में आज सुप्रीम कोर्ट में होगी अहम सुनवाई, अंतरिम व्यवस्था पर टिकी हैं दोनों पक्षों की निगाहें