_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। धार के लोगों का बरसों पुराना रेल का सपना अब हकीकत बनने के करीब है। अब तक बस और निजी वाहनों के भरोसे इंदौर पहुंचने वाले धारवासियों को जल्द ही ट्रेन की सुविधा मिल सकती है। रेलवे की तैयारियां अंतिम दौर में हैं और दिसंबर में धार से इंदौर के बीच यात्री ट्रेन शुरू होने की उम्मीद है।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने सोमवार को धार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यह जानकारी दी। उन्होंने संकेत दिए कि ट्रेन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं।
ठाकुर ने रेलवे अधिकारियों के साथ स्टेशन का जायजा लिया और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ट्रेन शुरू होने से पहले पेयजल, रोशनी, साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं पूरी कर ली जाएं। स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने के लिए उन्होंने खाली दीवारों पर आदिवासी संस्कृति, राजा भोज, मां वाग्देवी और धार की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े चित्र बनाने के निर्देश भी दिए। पानी की टंकी और प्याऊ की व्यवस्था की भी जानकारी ली।
धार से टीही तक करीब 47 किलोमीटर का रेलखंड तैयार हो चुका है। इस मार्ग पर रेलवे सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण भी हो चुका है। हालांकि हालिया रिपोर्टों के अनुसार कुछ तकनीकी कमियां दूर करने की प्रक्रिया बाकी है। इसके बाद यात्री ट्रेन चलाने की अंतिम मंजूरी मिलेगी।
रेलवे का अगला लक्ष्य धार से करीब आठ किलोमीटर आगे तिरला तक रेल संपर्क बढ़ाना है। तिरला भविष्य में जंक्शन के रूप में विकसित होगा, जहां इंदौर-दाहोद और छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजनाओं का मिलन होगा। इससे धार को आगे गुजरात से जोड़ने का रास्ता भी खुलेगा।
मंत्री ठाकुर ने कहा कि पहले टांडा क्षेत्र में रेल सुविधा शुरू हुई और अब राजा भोज तथा मां वाग्देवी की नगरी धार भी रेल नेटवर्क से जुड़ने जा रही है। यह केवल ट्रेन शुरू होने की बात नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत है। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों, श्रमिकों और आम यात्रियों को फायदा होगा। इंदौर और पीथमपुर से आवागमन आसान होने के साथ धार के पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनजातीय अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। धार में रेल परिचालन शुरू होना इसी दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।यह भी पढ़ें- MP में स्वास्थ्य बजट की पोल खुली, सरकारी खर्च ₹2033, तो मरीजों की जेब से जा रहे ₹1947, मिला 27वां स्थान