धार में 16 किमी पीछा कर पकड़ा अंतरराज्यीय एटीएम कटर गिरोह, खेतों में भागे पांच बदमाश, दो गिरफ्तार
रात के अंधेरे में फोरलेन पर तेज रफ्तार दौड़ती ब्लैक जीप और पीछे लगी कानवन पुलिस...करीब 16 किलोमीटर तक ये पीछा चलता रहा। छोकला टोल से पहले पुलिस की घेरा...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 03 Sep 2026 06:13:27 PM (IST)Updated Date: Thu, 03 Sep 2026 06:13:27 PM (IST)
वाहन जब्त कर आरोपियों को किया गिरफ्तार। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- 3.60 लाख रुपये नकद बरामद, तीन की तलाश जारी
- कर्नाटक में एटीएम काटकर चोरी की वारदात को दिया था अंजाम
- पुलिस ने पीछा किया तो ब्लैक स्कॉर्पियो छोड़कर भागे
नईदुनिया न्यूज, बदनावर (धार) : रात के अंधेरे में फोरलेन पर तेज रफ्तार दौड़ती ब्लैक जीप और पीछे लगी कानवन पुलिस...करीब 16 किलोमीटर तक ये पीछा चलता रहा। छोकला टोल से पहले पुलिस की घेराबंदी देख जीप में सवार पांच बदमाश वाहन छोड़कर सोयाबीन के खेतों में कूद गए।
पुलिस ने खेतों में सर्चिंग कर अंतरराज्यीय एटीएम कटर गिरोह के दो आरोपितों पकड़ लिया, जबकि तीन फरार हो गए। पकड़े गए आरोपितों के पास से 3.60 लाख रुपए मिले। पूछताछ में कर्नाटक में एटीएम काटकर चोरी की वारदात में संलिप्तता सामने आई है।
घटना दो-तीन सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। धार फाटा क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही डायल-112 पर तैनात आरक्षक दिलीप और पायलट सुभाष सोलंकी को तेज गति से जाती संदिग्ध ब्लैक जीप दिखाई दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार बारिया ने पुलिस बल को अलर्ट किया।
पुलिस ने वाहन का पीछा करते हुए फोरलेन पर स्थित टोल प्लाजा पर घेराबंदी कराई। पुलिस की घेराबंदी देखकर वाहन सवार पांच लोग जीप को छोड़कर खेतों में भाग गए। सर्चिंग के दौरान दो आरोपितों को पकड़ लिया गया। वहीं तीन अभी भी फरार है।
कर्नाटक में एटीएम काटने की वारदात में संलिप्तता
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साहिल उर्फ दातु खान निवासी धिरकनी, जिला पलवल (हरियाणा) और कमरयाब पुत्र सत्तार निवासी सफियाबाद लोटी, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रुप में हुई है। साहिल के पास से 3.50 लाख रुपए और कमरयाब से 10 हजार रुपए नकदी मिले। पूछताछ में आरोपितों ने कर्नाटक के विजयपुर जिले में एटीएम काटकर रुपए चोरी करने की वारदात में शामिल होना बताया। पुलिस के अनुसार थाना कुडगी, जिला विजयपुरा में इस संबंध में प्रकरण दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपितों से गिरोह की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
तीन आरोपित फरार
फरार आरोपितों में सलमान निवासी नूह, परवेज निवासी पलवल और सलीम निवासी मेवात (हरियाणा) बताए गए हैं। तीनों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा सर्चिंग की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक सहित उप निरीक्षक सोहनसिंह कायत, प्रधान आरक्षक रामेंद्रसिंह, ईश्वर भूरिया, आरक्षक अजयपाल, कृष्णलाल, गजेंद्र, नितिन, नवीन, भगवती, संजय, प्रताप व विकास सहित डायल-112 में तैनात आरक्षक दिलीप जाट और पायलट सुभाष सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की तत्परता से आरोपितों की घेराबंदी कर दो को गिरफ्तार किया जा सका।