
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। मध्य प्रदेश में धार जिले के ग्राम शंकरपुरा में प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत सामने आया। जिस पति ने करीब 10 वर्ष पहले प्रेम विवाह कर जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसी ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और उसका शव बिस्तर पेटी में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपित कमलेश खराड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वह पत्नी पर चरित्र संदेह करता था।
पुलिस के अनुसार मृतका हिना मुस्लिम समाज से थी। करीब 10 वर्ष पहले उसने कमलेश खराड़ी से प्रेम विवाह किया था। दोनों की तीन बेटियां और एक बेटा हैं। सोमवार रात दोनों में विवाद हुआ और मंगलवार सुबह सात बजे आरोपित ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।
दोपहर करीब एक बजे राजगढ़ पुलिस आरोपित के घर पहुंची। आरोपित के विरोधाभासी जवाबों से उसे शक हुआ तो घर की तलाशी ली। इस दौरान बिस्तर पेटी से हिना का शव बरामद हुआ। घटना के समय दंपती के चारों बच्चे घर पर नहीं थे, वे बुआ के घर सोने चले गए थे।
थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।