
नईदुनिया प्रतिनिधि, टांडा रोड (धार)। टांडा रोड रेलवे स्टेशन पर इन दिनों सामान्य दिनों से बिल्कुल अलग तस्वीर दिखाई दे रही है। स्टेशन परिसर को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है। रेलवे कर्मचारी और अन्य अमला व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। प्लेटफार्म से लेकर स्टेशन परिसर तक तैयारियां चल रही हैं और ऐसा माहौल बन रहा है मानो किसी बड़े उत्सव की तैयारी हो।
आसपास के गांवों से लोग भी स्टेशन पहुंचकर व्यवस्थाएं देख रहे हैं। लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि अब यहां ट्रेन आएगी और वे पहली बार अपने ही क्षेत्र से रेल में बैठकर गुजरात जा सकेंगे। 8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम में 234 करोड़ की लागत से तैयार जोबट से टांडा रोड रेल परियोजना के पूर्ण हुए 28 किलोमीटर रेलखंड का लोकार्पण करेंगे। साथ ही गुजरात के प्रताप नगर से लेकर टांडा रोड तक रेल सेवा का विस्तार करते हुए धार जिले के लिए पहली रेल सेवा का शुभांरभ करेंगे।
टांडा रोड से जुड़े धार जिले के घोर, नरवाली और आसपास के आदिवासी गांवों में भी रेल सेवा को लेकर उत्सुकता साफ दिखाई दे रही है। वर्षों से बसों और निजी वाहनों के भरोसे आवागमन करने वाले ग्रामीणों के लिए रेलवे स्टेशन अब केवल एक भवन नहीं, बल्कि बाहर की दुनिया से जुड़ने का नया रास्ता बनकर सामने आया है।
सबसे अधिक उम्मीद उन परिवारों को है, जिनके सदस्य रोजगार की तलाश में हर वर्ष गुजरात की ओर प्रवासन करते हैं। टांडा और आसपास के क्षेत्र से रोजाना बड़ी संख्या में मजदूर बसों के माध्यम से गुजरात जाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अकेले टांडा क्षेत्र से प्रतिदिन करीब 20 बसें गुजरती हैं और इनमें करीब एक हजार लोग रोजगार के लिए गुजरात की ओर जाते हैं।
इन मजदूरों के लिए छह से सात घंटे का बस सफर और करीब 450 रुपये तक का किराया लंबे समय से मजबूरी रहा है। अब ट्रेन के जरिए कम समय और काफी कम संभावित किराए में गुजरात पहुंचने की उम्मीद ने उनकी रुचि बढ़ा दी है। यह किराया 45 रु मात्र होगा।
इस उत्साह के पीछे एक लंबा इंतजार भी है। धार-छोटा उदयपुर रेल परियोजना का शिलान्यास तत्कालीन प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने 8 फरवरी 2008 को किया था। अब 8 सितंबर 2026 को 18 साल 7 महीने बाद इस परियोजना के एक हिस्से पर यात्री रेल सेवा शुरू होने जा रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी के वनरक्षकों को राहत, एप से हाजिरी पर लगी रोक, दफ्तरों में ऑनलाइन तो जंगल में रजिस्टर से लगेगी अटेंडेंस
8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम से टांडा रोड रेल परियोजना के पूर्ण हुए 28 किलोमीटर खंड का लोकार्पण करेंगे। करीब 234 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस खंड में रेलवे स्टेशन सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इसी अवसर पर वडोदरा से टांडा रोड तक नई मेमू यात्री सेवा का शुभारंभ होगा। धार की सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर टांडा रोड पर आयोजित कार्यक्रम में मेमू को हरी झंडी दिखाएंगी। टांडा रोड पर तैयारियां देखकर लगता है कि यह केवल रेलवे के लिए एक नया स्टेशन नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी अंचल के लिए वर्षों पुराने इंतजार के खत्म होने का उत्सव है।