
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। ऐतिहासिक भोजशाला में मंगलवार को हिंदू समाज की ओर से सत्याग्रह के तहत रक्षाबंधन पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भोजशाला की रक्षा और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। आयोजन के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर भोजशाला परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह नजर आया। बहनों ने भाइयों को रक्षा सूत्र बांधने के साथ भोजशाला की रक्षा के संकल्प को भी इस पर्व से जोड़ा। उनका कहना था कि जिस तरह राखी भाई-बहन के रिश्ते में सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, उसी तरह भोजशाला की रक्षा के लिए भी समाज को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
हिंदू समाज की ओर से भोजशाला में नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे सत्याग्रह के तहत मंगलवार का आयोजन भी महत्वपूर्ण रहा। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ श्रद्धालुओं ने भोजशाला की रक्षा, धार्मिक परंपराओं और आस्था से जुड़े विषयों को लेकर संकल्प लिया।
गौरतलब है कि 15 मई के बाद से भोजशाला में हिंदू समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं। पूर्ण मंदिर का अधिकार मिलने के बाद समाज में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में अलग-अलग पर्व और धार्मिक अवसर भोजशाला परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं। मां की आराधना से लेकर विभिन्न धार्मिक आयोजनों तक श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिल रही है।
मंगलवार को रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी इसी उत्साह की झलक दिखाई दी। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और साथ ही भोजशाला की रक्षा के लिए भी राखी बांधकर संकल्प दोहराया। आयोजन के माध्यम से समाज ने भोजशाला के प्रति अपनी आस्था और जुड़ाव को प्रदर्शित किया।
यह भी पढ़ें- धार भोजशाला को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, जारी होगा स्मारक डाक टिकट, प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी