पीथमपुर में दर्दनाक हादसा: बोरिंग मशीन वाहन के नीचे सो रहे तीन मजदूरों को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
तीनों मजदूर काम समाप्त होने के बाद वाहन के नीचे सो गए थे। वाहन चालक ने बिना जांचे वाहन रिवर्स कर दिया, जिसके नीचे मजदूर आ गए और तीनों की मौत हो गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 05 May 2026 02:38:55 PM (IST)Updated Date: Tue, 05 May 2026 02:49:09 PM (IST)
पीथमपुर में हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। (प्रतीकात्मक तस्वीर)HighLights
- बोरिंग कार्य पूरा होने के बाद छत्तीसगढ़ निवासी मजदूर थकान के कारण पास खड़े वाहन के नीचे ही सो गए थे
- वाहन चालक ने अंधेरे में बिना जांच-पड़ताल किए ट्रक को रिवर्स कर दिया
- ट्रक का पिछला टायर सीधे उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई
नईदुनिया न्यूज, पीथमपुर (धार)। धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर-1 में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई। घटना सुबह करीब 4 बजे गवला गांव के पास हुई, जहां बोरवेल का काम चल रहा था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन चलाक की लापरवाही से हादसा होना सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक रातभर चले बोरवेल का काम अलसुबह खत्म होने के बाद खेत में बोरिंग का काम कर रहे छत्तीसगढ़ निवासी मजदूर थकान के कारण पास खड़ी सपोर्टिंग एयर गाड़ी केए 51 एमसी 5799 के नीचे ही सो गए थे। मजदूर रातभर चले काम के बाद थक गए थे, जिसके चलते उन्हें तुरंत ही गहरी नींद आ गई। इसी दौरान पास खड़े सपोर्टिंग वाहन के चालक ने अंधेरे में बिना जांच-पड़ताल किए ट्रक को रिवर्स कर दिया। पीछे सो रहे मजदूरों का उसे अंदाजा नहीं हुआ और ट्रक का पिछला टायर सीधे वाहन के नीचे सो रहे मजदूरों के ऊपर चढ़ गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
तीनों मृतक छत्तीसगढ़ निवासी थे
पुलिस के अनुसार गवला गांव निवासी सुभाष चौहान और रुदन सिंह सोलंकी के खेत पर बोरवेल खनन का कार्य चल रहा था। हादसे में मृतकों की पहचान रामचरण पुत्र मेघनाद (56) निवासी खरधाढ़ी, भानुप्रताप पुत्र त्रिभुवन साय (19) निवासी सोनगेरसा और अरविंद पुत्र नमूलराम (22) निवासी करमापारा जिला छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
वाहन चालक पर मामला दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फरियादी रमेश इक्का की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस ने संबंधित वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।