
प्रेमविजय पाटिल, नईदुनिया, धार: किसी जिले के विकास की कहानी में कुछ तारीखें केवल कैलेंडर पर दर्ज नहीं होतीं, वे इतिहास में अपनी जगह बना लेती हैं। धार के लिए 8 सितंबर ऐसी ही तारीख बनने जा रही है।
इस दिन गुजरात के वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतापनगर से टांडा रोड के बीच चलने वाली नई मेमू यात्री सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही धार जिले के उस भूभाग पर पहली बार यात्री रेल पहुंचेगी, जहां अब तक रेल की सीटी केवल कल्पना में सुनाई देती थी।
यह सिर्फ एक नई ट्रेन का शुभारंभ नहीं है। यह धार के रेल मानचित्र पर पहली लकीर खिंचने का क्षण है। आजादी के बाद से जिस जिले में रेल सुविधा की प्रतीक्षा बनी रही, वहां अब पटरियां केवल बिछी हुई धातु की दो समानांतर रेखाएं नहीं रहेंगी, बल्कि वे लोगों को अवसरों, बाजारों, शिक्षा, रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने वाला नया रास्ता बनेंगी।
धार–छोटा उदयपुर नई रेल लाइन परियोजना की नींव तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने 8 फरवरी 2008 को झाबुआ में रखी थी। 8 फरवरी 2008 से 8 फरवरी 2026 को इस परियोजना के शिलान्यास को पूरे 18 साल हो चुके हैं। 8 सितंबर 2026 की स्थिति में परियोजना के शिलान्यास को 18 साल 7 महीने हो चुके हैं।
प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार नई मेमू ट्रेन प्रतापनगर से सुबह 5 बजे रवाना होगी और करीब 4 घंटे 35 मिनट में 199.34 किलोमीटर की दूरी तय कर सुबह 9.35 बजे टांडा रोड पहुंचेगी। वापसी में यही ट्रेन टांडा रोड से शाम 5.05 बजे रवाना होकर रात 9.25 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी।
ट्रेन के मार्ग में दभोई, वडोदरा क्षेत्र के विभिन्न स्टेशन, बोडेली, पावी, छोटा उदयपुर, पडालिया रोड, मोटी सादली, अंबारी-रिछवी, आलीराजपुर, खंडाला, जोबट, डेकाकुंड और टांडा रोड सहित स्टेशन शामिल हैं। इस तरह यह ट्रेन गुजरात के प्रतापनगर से चलकर गुजरात के आदिवासी अंचल होते हुए मध्य प्रदेश के अलीराजपुर क्षेत्र और टांडा रोड तक पहुंचेगी।
इस मार्ग की कुल दूरी 199.34 किलोमीटर बताई गई है। प्रस्तावित व्यवस्था के मुताबिक ट्रेन प्रतिदिन चलाई जाएगी है। 12 कोच की मेमू के संचालन का उल्लेख है। वापसी यात्रा में टांडा रोड से शाम 5.05 बजे रवाना होकर ट्रेन शाम 5.25 बजे डेकाकुंड, 5.44 बजे जोबट, 6.02 बजे खंडाला, 6.18 बजे अलीराजपुर, 6.35 बजे अंबारी रिछवी, 6.48 बजे मोटी सादली, 7.02 बजे पडालिया रोड, 7.10 बजे छोटा उदेपुर और रात 9.25 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात, धार में पहली बार 120 की स्पीड से दौड़ा लोको, आदिवासी अंचल में चलेगी ट्रेन