
नईदुनिया न्यूज, पीथमपुर। पीथमपुर के औद्योगिक क्षेत्र में गाय चोरी के संदेह में दो युवकों के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। सड़क पर बैठी गायों को हटाने की कोशिश करना दोनों को भारी पड़ गया। पांच लोगों ने पहले उनके साथ सड़क पर मारपीट की और फिर पास के एक ढाबे पर ले जाकर रस्सी से बांध दिया। यहां आरोपितों ने डंडों और पाइप से दोनों को बेरहमी से पीटा और गाली-गलौज की।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल नालछा निवासी संजय उर्फ संजू की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बेटमा निवासी धर्मेंद्र डाबी गंभीर रूप से घायल है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों को बांधकर मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शेष दो की तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार छह नवंबर को दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच धर्मेंद्र डाबी और संजय उर्फ संजू पीथमपुर के सेक्टर-1 बस स्टैंड पर मिले थे। दोनों पैदल बेटमा की ओर जा रहे थे। रास्ते में मेटल कंपनी के पास सड़क पर गायें बैठी थीं।
दोनों उन्हें हटाकर किनारे करने लगे। इसी दौरान अंकलेश बुंदेला और उसका भाई कमलेश बुंदेला वहां पहुंचे। उन्हें संदेह हुआ कि दोनों गाय चोरी करके ले जा रहे हैं। इसी बात को लेकर उन्होंने धर्मेंद्र और संजय के साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुछ देर बाद सोनू नाम का व्यक्ति भी वहां पहुंच गया। तीनों दोनों को पीटते हुए पास के एक ढाबे पर ले गए। वहां भूरिया और राकेश नाम के दो अन्य लोग भी आ गए। इसके बाद पांचों ने मिलकर दोनों को बंधक बना लिया। उन्हें रस्सी से बांधकर डंडों और पाइप से पीटा गया। इस दौरान आरोपित लगातार गालियां भी देते रहे। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है।
मारपीट में संजय को गंभीर चोटें आई थीं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। धर्मेंद्र भी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संजय के शरीर पर डंडों और पाइप से मारपीट के कारण चोटें आने की पुष्टि हुई है।
नगर पुलिस अधीक्षक कमल सिंह चौहान ने बताया कि घायल धर्मेंद्र ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी थी। परिजनों के माध्यम से बेटमा पुलिस तक मामला पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। धर्मेंद्र की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल टीम गठित कर आरोपितों की तलाश शुरू करवाई। कुछ ही घंटों में पीथमपुर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पीथमपुर थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर तीन आरोपितों को पकड़ा गया है।
तीनों पीथमपुर के निवासी हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। शेष दो फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।