
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के मेहंदवानी थाना अंतर्गत ग्राम मटियारी में शुक्रवार की सुबह जंगल में 70 वर्षीय एक वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहचान लालू सिंह पिता गोरेलाल निवासी मटियारी के तौर पर हुई है।
प्रथम दृष्टया हाथी के हमले से वृद्ध की मौत की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और वन अमला मौके पर पहुंचा और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत मर्चुरी लाया गया।
जानकारी में बताया गया कि बुधवार की सुबह वृद्ध जंगल किनारे स्थित अपने खेत गया था, उसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटा। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शुक्रवार की सुबह उनका शव मिलने की जानकारी सामने आई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल नजर आ रहा है।
हाथी द्वारा किसी ग्रामीण पर हमला करने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। दो दिन पहले ग्राम डोभी में एक 55 वर्षीय अधेड़ हाथी के हमले में घायल हो चुका है। अब ग्राम मटियारी में वृद्ध का शव मिलने के बाद हाथी के हमले की आशंका जताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वन परिक्षेत्र मेहंदवानी में हाथी के विचरण को लेकर वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश भी दी जा रही है।