
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। सात स्थायी वारंटों में वांछित व तीन चोरी के मामले का शातिर आरोपित शालू सहित दो को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से सोने चांदी के जेवर, एक दोपहिया वाहन सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है है। दोनों आरोपित को कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार की शाम न्यायालय में पेश किया गया।
कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि शालू उर्फ इमरान खान पिता जलीलयार खान उम्र 31 साल निवासी वार्ड एक सुबखार डिंडौरी व उसके साथी रवि कुमार मरावी पिता स्व. मायाराम मरावी उम्र 38 साल निवासी ग्राम फड़की थाना शाहपुर डिंडौरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी सहायता से आरोपित की पहचान की गई।
पुलिस द्वारा घेराबंदी कर आरोपित शालू उर्फ इमरान खान व साथी रवि कुमार को पकड़ा गया है। कोतवाली क्षेत्र में चोरी के अन्य प्रकरणों में पूछताछ की गई, जिसमें तीन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपितों की निशादेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण अनुमानित कीमत 83 हजार, एक स्कूटी वाहन व अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत एक लाख 66 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के बारे में अन्य जिले जबलपुर व आसपास जिले की पुलिस को सूचना दी गई है कि उक्त आरोपित के विरुद्ध कोई वारंट या चोरी के प्रकरण हो तो आकर पूछताछ की जा सकती है।
गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न थानों में न्यायालय द्वारा जारी वारंट लंबित थे। आरोपित के विरुद्ध कोतवाली में चार स्थायी वारंट, थाना समनापुर के दो और थाना शाहपुर का एक फरारी वारंट
सहित कुल सात स्थायी वारंट लंबित थे। आरोपित की गिरफ्तारी के साथ ही उक्त लंबित वारंटों की भी विधिवत तामीली की गई।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे, एसआई मुकेश बैरागी, एएसआई अखिलेश श्रीवास, प्रधान आरक्षक रोहित पटेल, हेमंत झारिया, देवेन्द्र पटले, सतेन्द्र डहेरिया, आरक्षक प्रवेश पटेल ब्रजेश मरावी, रामसिंह, एसएसयू से शोभित, अंकित शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के तालाब में दिखी रंग-बिरंगी जलमुर्गी, विशेषज्ञों से जानें क्यों है यह जैव विविधता का खूबसूरत उदाहरण