
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई थाना अंतर्गत ग्राम कौड़िया निवासी मजदूरी करने नागपुर गए 25 वर्षीय युवक के शरीर में सरिया घुसने से मौत हो गई।
महेश यादव का शव मंगलवार की सुबह एम्बुलेंस से गांव लाए जाने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
युवक की हत्या और सही पुलिसिया कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने जबलपुर अमरकंटक रोड में ग्राम खरगहना में चक्का जाम कर प्रदर्शन किया।
सूचना पर मौके पर गाड़ासरई पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश दी। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन और ग्रामीण माने और चक्का जाम समाप्त हुआ।
युवक का शव उसके गांव ले जाया गया। चक्का जाम के दौरान सड़क के दोनों तरफ छोटे बड़े वाहनों के पहिये थमे रहे।
परिजनों ने बताया कि नागपुर में भवन निर्माण कार्य में ठेकेदार के अधीनस्थ मजदूरी कर रहा था। 2 अगस्त को वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया था।
गाड़ासरई थाना प्रभारी अमृत तिग्गा ने बताया कि युवक गांव के कुछ लोगों के साथ मजदूरी करने एक माह पहले नागपुर गया था। युवक की मौत के बाद नागपुर में ही मर्ग कायम किया गया है, जिसमें लोहे का सरिया शरीर में घुसने से मौत होना बताया गया है। गांव पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
यह भी पढ़ें- ताप विद्युत घरों में कोयले का संकट गहराया, जबलपुर में रबी सीजन पर बिजली आपूर्ति का असर