
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना: आरोन थानाक्षेत्र में पारिवारिक विवाद में दामाद ने ससुर के साथ मारपीट कर दी। जानकारी के अनुसार नया बायपास आरोन निवासी 51 वर्षीय सुरेश कलावत गत दोपहर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढाबे के सामने उनका दामाद मुकेश कलावत मिला और अकारण गालीगलौज करने लगा।
सुरेश ने विरोध किया, तो उसने डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने घूसे मारकर सुरेश की नाक लहूलुहान कर दी और मुंह पर प्रहार कर उनका सामने का दांत तोड़ दिया। शोर सुनकर पीड़ित के बेटा-बेटी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
आरोन थानाक्षेत्र में रास्ते से गोबर और लकड़ियां हटाने की बात पर गांव के ही चार लोगों ने ससुर व दामाद के साथ मारपीट कर दी गई। जानकारी के अनुसार ग्राम अमरपुरा बीरान निवासी भंवरलाल बंजारा उम्र 58 साल दामाद शंभू बंजारा और कमल सिंह के साथ गांव के ही बबलू, दीवान, मुकेश और बाबूलाल बंजारा के पास सड़क पर फैला गोबर व लकड़ियां हटाने का बोलने गए थे, ताकि ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी न हो।
इसी बात से नाराज होकर चारों भाइयों ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर बबलू बंजारा ने फर्सी से हमला कर शंभू बंजारा का सिर फोड़ दिया। दीवान ने डंडे से हमला कर भंवरलाल की कलाई पर गहरी चोट पहुंचाई, जबकि मुकेश और बाबूलाल ने कमल सिंह को लात-घूसों से पीटा।
विवाद के दौरान पीड़ित का मोबाइल भी गुम हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के बीचबचाव के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।