
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा एक जून से शुरू होगी। ग्वालियर सहित प्रदेश के 10 जिलों के 46 हजार 805 अभ्यर्थियों के लिए ग्वालियर और सागर में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा से पहले शनिवार को चारों केंद्रों का डिजिटल ट्रायल किया जाएगा।
जांच सेना अधिकारियों की निगरानी में की जाएगी
डिजिटल ट्रायल के दौरान सेना के अधिकारी, टीसीएस कंपनी की तकनीकी टीम और साइबर एक्सपर्ट मौजूद रहेंगे। सभी कंप्यूटर और सर्वर की जांच सेना अधिकारियों की निगरानी में की जाएगी। इस बार साइबर सिक्योरिटी और सर्वर सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
चार शिफ्टों में आयोजित होगी परीक्षा
परीक्षा एक जून से 12 जून तक प्रतिदिन चार शिफ्टों में आयोजित होगी। नीट सहित अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को देखते हुए सेना ने तकनीकी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती है।
ग्वालियर में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहला केंद्र थाटीपुर स्थित भारतीय विद्या मंदिर और दूसरा चितौरा रोड स्थित आइओएन डिजिटल जोन में रहेगा। चितौरा रोड स्थित केंद्र पर प्रतिदिन 4,612 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि थाटीपुर केंद्र पर 518 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं सागर में एडीना इंस्टीट्यूट और एसएसएचसी जैन इंस्टीट्यूट में प्रतिदिन 502-502 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
इन चीजों की रहेगी व्यवस्था
सेना अधिकारियों ने चितौरा रोड स्थित परीक्षा केंद्र तक अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए यात्री वाहन उपलब्ध कराने, पेयजल और छांव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को पत्र लिखा है। साथ ही एसएसपी को सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी पत्र भेजा गया है।
अधिकारियों ने यह भी कहा है कि परीक्षा केंद्रों तक आने वाले अभ्यर्थियों से वाहन चालक निर्धारित किराये से अधिक शुल्क न वसूलें।
कर्नल पंकज कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों को आधार कार्ड और प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आधार कार्ड में हालिया फोटो होना जरूरी है। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर दो बार बायोमैट्रिक जांच की जाएगी।
चार शिफ्टों में होगी परीक्षा
पहली शिफ्ट: रिपोर्टिंग सुबह 7 बजे, गेट बंद 8 बजे, परीक्षा 8:30 से 9:30 बजे
दूसरी शिफ्ट: रिपोर्टिंग 10 बजे, गेट बंद 11 बजे, परीक्षा 11:30 से 12:30 बजे
तीसरी शिफ्ट: रिपोर्टिंग 1 बजे, गेट बंद 2 बजे, परीक्षा 2:30 से 3:30 बजे
चौथी शिफ्ट: रिपोर्टिंग 4 बजे, गेट बंद 5 बजे, परीक्षा 5:30 से 6:30 बजे तक होगी।
यह भी पढ़ें- बशीर बद्र के निधन से अदब का एक शानदार दौर खत्म: सीएम मोहन यादव और साहित्यकारों ने जताया गहरा दुख