योग दिवस से पहले ग्वालियर समेत देशभर में बढ़ा उत्साह: 4.35 लाख लोगों ने ऑनलाइन जुड़कर बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, अब 21 जून को महाआयोजन
ग्वालियर से भी हजारों लोगों ने इस ऑनलाइन योग सत्र में हिस्सा लेकर रिकार्ड बनाने में योगदान दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 15 Jun 2026 02:21:12 PM (IST)Updated Date: Mon, 15 Jun 2026 02:21:56 PM (IST)
योग दिवस के लिए अभ्यास करते लोग।HighLights
- ग्वालियर के हजारों साधकों ने निभाया योगदान
- साल 2024 का पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
- 21 जून को लेकर शहर के संस्थानों में तैयारियां तेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से ठीक पहले बने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने ग्वालियर सहित पूरे देश में योग के लिए लोगों में उत्साह बढ़ा दिया है। आयुष मंत्रालय के ऑनलाइन कॉमन योग प्रोटोकाल सत्र में देशभर से 4.35 लाख लोगों की भागीदारी के साथ नया रिकॉर्ड बनने के बाद अब 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों के स्वास्थ्य की परीक्षा होगी।
ग्वालियर से भी हजारों लोगों ने इस ऑनलाइन योग सत्र में हिस्सा लेकर रिकार्ड बनाने में योगदान दिया। रविवार सुबह आयोजित इस विशेष ऑनलाइन योग सत्र में देश-दुनिया के योग साधक, विद्यार्थी, संस्थान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग एक साथ जुड़े। आयुष मंत्रालय के इस कार्यक्रम ने वर्ष 2024 के 2,46,252 दर्शकों के रिकार्ड को पीछे छोड़ते हुए नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया।
स्वस्थ जीवनशैली का बन रहा जनआंदोलन
शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय ग्वालियर के स्वस्थवृत एवं योग विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. उपासना भारद्वाज तथा व्याख्याता डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रखी गई है।
इसका उद्देश्य लोगों को बढ़ती उम्र में भी सक्रिय, आत्मनिर्भर और शारीरिक रूप से सक्षम बनाए रखना है। विशेषज्ञों का कहना है कि योग अब केवल एक दिवस का आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का जनआंदोलन बनता जा रहा है। विश्व रिकॉर्ड में मिली सफलता इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।