
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के इंदरगंज चौराहा स्थित टोडोज कैफे में बीती रात जमकर बवाल हुआ। यहां डांस फ्लोर पर मुंहवाद हुआ। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कैफे के बाहर हमला कर दिया। स्कॉर्पियो की भी तोड़फोड़ कर दी गई। इस घटना में चार लोग घायल हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
महाराजपुरा निवासी कौशलेंद्र तोमर अपने तीन साथी दोस्तों अभिषेक, शिवम और प्रवीण के साथ रात को एक पार्टी में शामिल होने स्कॉर्पियो से टोडोज कैफे पहुंचे थे। क्लब के भीतर डांस फ्लोर पर सभी नाच रहे थे। डांस करते वक्त भीड़भाड़ में किसी बात पर एक अन्य गुट के युवकों से उनका धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया।
मामला बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद बाउंसरों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और मामले को शांत कराकर क्लब के भीतर का माहौल संभाल दिया।
क्लब के अंदर तो मामला शांत हो गया था, लेकिन दूसरा पक्ष बाहर निकला और अपने अन्य साथियों को बुला लिया। जैसे ही कौशलेंद्र और उनके साथी क्लब से बाहर आए, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने अपनी गाड़ियों से डंडे निकालकर उन पर हमला कर दिया। चारों की जमकर मारपीट की।
कौशलेंद्र तोमर के सिर और गर्दन पर गंभीर वार किए गए। अभिषेक की कोहनी और पिंडली पर डंडों से वार किया। शिवम और प्रवीण को भी चोट लगी है। हमलावरों ने इनकी गाड़ी की भी तोड़फोड़ कर डाली। इसके बाद फरार हो गए।
दो आरोपितों की पहचान हो गई है। इनके नाम कृष्णा चौहान और अभय यादव हैं। घायल युवक इस घटना के बाद पहले अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद थाने आए और एफआइआर दर्ज कराई।