ग्वालियर में ऑनर किलिंग... प्रेमी के साथ भागकर लौटी बेटी की पिता ने की हत्या, शव को खेत में ले जाकर जलाया
डबरा देहात के लखिया गांव में 33 वर्षीय जूली गुर्जर की हत्या की बात पिता मंगेश गुर्जर ने स्वीकार की है। वह अपने बेटों और भतीजों को बचा रहा है। बयान में ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 04 Jun 2026 10:49:44 PM (IST)Updated Date: Thu, 04 Jun 2026 10:49:44 PM (IST)
ग्वालियर में ऑनर किलिंगनईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। डबरा देहात के लखिया गांव में 33 वर्षीय जूली गुर्जर की हत्या की बात पिता मंगेश गुर्जर ने स्वीकार की है। वह अपने बेटों और भतीजों को बचा रहा है। बयान में खुद ही बेटी की हत्या करना स्वीकार कर रहा है। उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं है।
उसने पुलिस को बताया कि बेटी जब घर से भागने के बाद लौटकर आई तो उसे कमरे में ले गए। यहां बेटी के हाथ-पैर बांधे। फिर गले में फंदा डालकर रस्सी खींची और उसे लटका दिया। मरने के बाद फंदे से उतारा। फिर ट्रैक्टर से ले जाकर लाश जला दी। उसने बताया कि 20 बोरी कंडे और 2 क्विंटल लकड़ी ली। मुक्तिधाम में न जलाकर लाश खेत के पास खाली जमीन पर जला दी। यह सुनकर पुलिस अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए।
प्रेमी के साथ चली गई थी जूली, लौटने पर रची गई खौफनाक साजिश
लखिया गांव में रहने वाली जूली गुर्जर चार मई को लापता हुई थी। जब उसे ढूंढना शुरू किया तब पता लगा कि वह प्रेमी रवि गुर्जर निवासी मुरैना के साथ गई है। फिर वह खुद ही लौट आई। जब घर लौटकर आई तब से उसे किसी ने नहीं देखा। पुलिस को पता लगा कि जूली गुर्जर की हत्या कर दी गई। इसके बाद पुलिस ने पिता किसुन उर्फ मंगेश व अन्य स्वजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की।
मंगेश ने बताया कि उसने बेटी की हत्या कर दी। फिर लाश उतारकर बेटे दीपा उर्फ दीपू, रणवीर, रामसेवक, भतीजे प्रदीप व अन्य स्वजनों के साथ मिलकर ट्रैक्टर में शव डालकर खेत के पास ले गए। यहां शव को जला दिया। इसके बाद अवशेष खेत की मेढ़ के पास गड्ढे में गाड़ दिए। पुलिस फॉरेंसिक एक्सपर्ट के साथ यहां पहुंची। अवशेषों को बाहर निकलवाया। अब पुलिस डीएनए सैंपल लेकर मैच कराएगी।
शादी के बाद से मायके में ही रह रही थी मृतका
पुलिस को किसुन ने बताया कि 2009 में शादी हुई थी। जूली की शादी के बाद बेटा भी हुआ। फिर छह साल बाद पति से अलग रहने लगी। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात रवि गुर्जर से हुई थी। रवि गुर्जर से मिलने के लिए उसे रोका भी था, लेकिन वह घर से चली गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल में आंधी-बारिश से बिजली गुल... सालभर मेंटेनेंस के नाम पर कटौती के बाद भी 300 से ज्यादा इलाकों में अंधेरा
गुमशुदा हुई युवती की हत्या की बात पिता ने कुबूल की है। अन्य स्वजनों की भूमिका की जांच की जा रही है। डीएनए सैंपल से जांच की जाएगी कि हड्डियां उसी की हैं या नहीं। - जयराज कुबेर, एएसपी।