ग्वालियर जेल अधीक्षक को वॉट्सएप पर धमकी: '50 हजार दो वरना करा दूंगा सस्पेंड', वसूली के वीडियो भेजकर मांगी रंगदारी
जेल अधीक्षक का कहना है- यह हरकत निलंबित आरक्षक पवन कुमार शर्मा और जेल में बंद रहे बंदी रिश्पाल बघेल ने की है। शिकायती आवेदन में इन दोनों का नाम भी लिख ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 15 Jun 2026 09:41:04 AM (IST)Updated Date: Mon, 15 Jun 2026 09:41:23 AM (IST)
यह वीडियो केंद्रीय जेल ग्वालियर के बताकर जेल अधीक्षक से रुपये मांगे जा रहे हैं। नोट: नईदुनिया इसकी पुष्टि नहीं करता।HighLights
- वॉट्सएप पर भेजे चार वीडियो और अभद्र मैसेज
- हाथ की पांच उंगलियों से किया 50 हजार का इशारा
- नौकरी और तबादले की दी धमकी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। केंद्रीय जेल ग्वालियर के अधीक्षक विदित सिरवैया को वॉट्सएप पर कॉल और मैसेज के जरिए धमकी मिल रही है। उन्हें चार वीडियो भेजे गए हैं। वीडियो भेजने वाले का कहना है- यह ग्वालियर जेल के वसूली के वीडियो हैं। इन्हें इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर देगा। अगर रुपये नहीं दिए तो इन वीडियो के जरिये वह तबादला और निलंबन तक करा देगा। इस मामले की शिकायत जेल अधीक्षक द्वारा एसएसपी धर्मवीर सिंह से मिलकर की गई है। बहोड़ापुर थाने में भी शिकायती आवेदन दिया गया है। जेल अधीक्षक का कहना है- यह हरकत निलंबित आरक्षक पवन कुमार शर्मा और जेल में बंद रहे बंदी रिश्पाल बघेल ने की है। शिकायती आवेदन में इन दोनों का नाम भी लिखा है।
9179301601 नंबर से आया वॉट्सएप कॉल
जेल अधीक्षक विदित सिरवैया ने बताया कि सात जून को दोपहर 12.40 बजे उनके मोबाइल पर 9179301601 नंबर से वॉट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम नहीं बताया और सीधे धमकाना शुरू कर दिया। उसने कहा कि जेल के अंदर के कई वीडियो उसके पास हैं, जिन्हें वह इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर देगा तो नौकरी खतरे में आ जाएगी।
पहले दो वीडियो भेजे...
फिर उसने पहले दो वीडियो भेजे। इसके कुछ देर बाद दो और वीडियो भेजे। जब जेल अधीक्षक ने दोबारा उसे कॉल किया तो कॉल नहीं उठा। लगातार अभद्र भाषा में मैसेज आते रहे। अगले ही दिन जेल अधीक्षक ने एसएसपी धर्मवीर सिंह से मिलकर शिकायत की। एसएसपी ने साइबर सेल को पड़ताल में लगाया, क्योंकि इस नंबर पर कॉल नहीं लग रहा था। इंटरनेट के जरिये ही इस पर कॉलिंग हो रही है।
फिलहाल नहीं हुई है एफआईआर
जेल अधीक्षक को वॉट्सएप पर इसके बाद भी लगातार धमकी मिलती रही। तबादला और निलंबन तक करवाने की धमकी दी गई। फिर 50 हजार रुपये की मांग की गई। इसके बाद जेल अधीक्षक ने इस मामले की शिकायत बहोड़ापुर थाने में की है। इस मामले में खबर लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई।
हथेली की पांच अंगुलियों से रुपये का इशारा, लिखा- कुछ साथ में भेजना
वॉट्सएप चैटिंग में मैसेज भेजने वाला हाथ की पांच अंगुलियों से 50 हजार का इशारा कर रहा है। उसने अधीक्षक से कहा- आप किसी भरोसेमंद अधिकारी या नेता को मिलने के लिए गांधी रोड रेस्ट हाउस भेजो। साथ में कुछ भेजना। जब अधीक्षक ने क्या लिखा तो जवाब में पांच अंगुलियां भेजीं।
- अटकी तेरी है, तू मिलने आ: वॉट्सएप मैसेज पर अधीक्षक ने जब पूछा कि क्या चाहते हो, आफिस मिलने आओ। कौन-से वीडियो हैं। इस पर उसने लिखा- तेरी अटकी है तू मिलने आ।
- वीडियो में रुपयों की बात: जेल अधीक्षक से जब पूछा कि जो वीडियो भेजे हैं, उसमें क्या है। उनका कहना है कि इस वीडियो में रुपयों की बात है। कोई बीड़ी पी रहा है। कहां के वीडियो हैं, यह भी कुछ स्पष्ट नहीं है।
निलंबित आरक्षक ने लगाए थे गंभीर आरोप, कहा-जेल में रुपयों के बदले मिलता है नशा
निलंबित आरक्षक पवन कुमार शर्मा का एक वीडियो कुछ समय पहले वायरल हुआ था। इसमें उसने जेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए थे। सहायक जेल अधीक्षक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उसने कहा था- रुपयों के बदले जेल में गांजा, स्मैक तक उपलब्ध है। बंदी रिशपाल सिंह बघेल ने रुपयों के बदले बैरक बदलने का आरोप लगाया था। कई शिकायतें उसने पूर्व में की हैं। वह हत्या के मामले में बंद था।