• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
naidunia animated logo
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • कोरोना वायरस
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • स्‍वतंत्रता दिवस
  • सावन माह
  • मानसून
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • वास्‍तु शास्‍त्र
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • ग्वालियर

ग्वालियर में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस: विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने फहराया तिरंगा, श्वान दस्ते और मार्शल आर्ट ने बांधा समां

Gwalior Independence Day Celebration: शनिवार की सुबह 9 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार सबसे पहले राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन हुआ। ...और पढ़ें

By Digital DeskEdited By: Rajdil Shivhare
Publish Date: Sun, 16 Aug 2026 10:57:03 AM (IST)Updated Date: Sun, 16 Aug 2026 12:45:23 PM (IST)
ग्वालियर में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस: विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने फहराया तिरंगा, श्वान दस्ते और मार्शल आर्ट ने बांधा समां
एसएएफ मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में संयुक्त परेड की सलामी लेते विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर। सौजन्य: जनसंपर्क विभाग

HighLights

  1. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का भी हुआ सीधा प्रसारण
  2. रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बही देशभक्ति व लोकरंगों की धारा
  3. श्वान दस्ते एवं मार्शल आर्ट कलारिपयट्टू के करतबों ने किया रोमांचित

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। एसएएफ मैदान पर आयोजित हुए जिले के मुख्य एवं भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण भी हुआ। एसएएफ मैदान पर लगी बड़ी-बड़ी एलईडी के माध्यम से अतिथियों सहित बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं सुरक्षा बल के जवानों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का उदबोधन सुना। साथ ही राज्य स्तरीय कार्यक्रम देखा।

सबसे पहले हुआ राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन

सुबह 9 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार सबसे पहले राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि तोमर ने एक खुले वाहन में कलेक्टर रुचिका चौहान व पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल जवानों ने तीन बार हर्ष फायर कर "स्वतंत्रता दिवस अमर रहे" और राष्ट्रपति के जयकारे लगाए। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण हुआ। इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने बधाई संदेश एवं ग्वालियर जिले की उपलब्धियों पर केन्द्रित संदेश का वाचन किया।


विधानसभा अध्यक्ष ने रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा मनोहारी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। “हर घर तिरंगा” अभियान की वजह से स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इस बार अलग ही छटा बिखरी। मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में बहुत बड़ी संख्या में शहरवासी स्वतंत्रता का उत्सव मनाने पहुंचे।

मुख्य समारोह में संयुक्त परेड में सीमा सुरक्षा बल, एस.ए.एफ. द्वितीय वाहिनी, एसएएफ 13वी वाहिनी, एसएएफ 14वी वाहिनी, जिला पुलिस बल, जिला महिला बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर पुरुष एवं महिला, एनसीसी जूनियर पुरुष व महिला, स्काउट, गाईड, शौर्या दल, नगर रक्षा समिति, बीएसएफ बैंड व दूसरी वाहिनी एसएएफ बैंड की टुकडियां शामिल हुई। संयुक्त परेड के परेड कमांडर की भूमिका उप पुलिस अधीक्षक अनुश्री वार्ष्णेय व टूआईसी की भूमिका सूबेदार सोनम पाराशर ने निभाई । मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने सभी टुकड़ियों के परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया और कुशल नेतृत्व के लिए बधाई दी।

naidunia_image

संयुक्त परेड में इन टुकड़ियों को मिली शील्ड

संयुक्त परेड में उत्कृष्ट मार्चपास्ट के लिये सीनियर वर्ग में सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर को प्रथम, एसएएफ द्वितीय वाहिनी को दूसरे एवं जिला पुलिस बल की टुकड़ी व एसएएफ 13वी वाहिनी की टुकड़ी को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान की शील्ड से सम्मानित गया। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में एनसीसी सीनियर महिला को प्रथम, एनसीसी जूनियर महिला को द्वितीय एवं एनसीसी सीनियर पुरुष की टुकड़ी को तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई। साथ ही बीएसएएफ व एसएएफ द्वितीय वाहिनी के बैंडों को भी मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।

naidunia_image

छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। सौजन्य जनसपंर्क विभाग

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जगाया देशभक्ति का जज्बा, लोकधारा भी बही

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा चुनी हुई शिक्षण संस्थाओं के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक व मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत इन प्रस्तुतियों ने समारोह में खूब समा बांधा। सांस्कृतिक कार्यकमों में कम्पू स्थित सांदीपनि शासकीय पद्मा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा “भारतीय सेना का शौर्य एवं बलिदान” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को प्रथम स्थान मिला।

बारादरी चौराहा स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र.-2 द्वारा “स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान” एवं मुरार स्थित शासकीय एमएलबी कन्या विद्यालय द्वारा “महारानी लक्ष्मीबाई शौर्य” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को संयुक्त रूप से द्वितीय तथा मल्लगढ़ा स्थित सांदीपनि शासकीय कन्या विद्यालय द्वारा “शहीदों की शहादत” एवं लश्कर स्थित शासकीय गोरखी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा “सशक्त भारत” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई। बड़ी संख्या में मौजूद जिले के नागरिकों ने करतल ध्वनि के साथ स्कूली बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

बीएसएफ के श्वान दस्ते ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

एसएएफ मैदान पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए गरिमामयी समारोह में सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतबों ने सभी को भीतर तक प्रभावित किया। अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर तस्करों की पहचान या फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों व बच्चों की श्वान दस्ते को खूब वाहवाही मिली। कार्यक्रम के अंत में श्वान दस्ते को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये विशेष शील्ड प्रदान की गई।

naidunia_image

कलारियपट्टू मार्शल आर्ट में भाग लेते छात्र खिलाड़ी। सौजन्य

पहली बार हुआ कलारियपट्टू मार्शल आर्ट का प्रदर्शन

जिले के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार मार्शल आर्ट कलारियपट्टू का प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने एक से बढ़कर एक रोमांचित करने वाले करतब दिखाए। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों की इस प्रदर्शन को खूब वाहवाही मिली। मुख्य अतिथि श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने इसके लिये जिला प्रशासन की ओर से यह प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया।

naidunia_image

नेवल एनसीसी ऑफिसर एवं ग्वालियर तैराकी संघ के चीफ कोच सचिन पाल ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रशस्ति-पत्र ग्रहण करते हुए। सौजन्य

उत्कृष्ट काम करने वालों को सौंपे प्रशस्ति पत्र

समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर समाज कल्याण व खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली विभूतियों एवं ग्राम पंचायतों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विभागों के कर्तव्यनिष्ठ शासकीय सेवकों को भी मुख्य अतिथि द्वारा इस अवसर पर प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

विकास पुस्तिका भी वितरित की गई

जिले के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में ग्वालियर जिले की विकास पुस्तिका भी जनसंपर्क विभाग द्वारा वितरित की गई। इस विकास पुस्तिका में जिले की विकासगाथा को प्रदर्शित किया गया है।

स्कूली बच्चों के साथ तोमर ने लिया सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए विशेष भोज में भी शामिल हुए। उन्होंने बेटी बचाओ तिराहा के समीप तिलकनगर कम्पू स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिन्दी विद्यापीठ स्कूल के बच्चों के साथ बैठकर सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद लिया।