ग्वालियर में अक्टूबर में भी गर्मी के तेवर, 36 डिग्री के पार पहुंचा पारा; दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में देश के अलग-अलग हिस्सों में चक्रवाती घेरे बने हुए हैं, लेकिन उनका बहुत अधिक प्रभाव शहर पर नहीं है। ऐसे में फिलहाल मौस...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 08 Oct 2026 10:59:21 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Oct 2026 11:00:09 PM (IST)
तेज धूप से बचने के लिए बच्चे के साथ छाता लगाकर जाती महिला। नईदुनियाHighLights
- दिन में तेज धूप, रात में हल्की ठंडक
- अंचल पर चक्रवाती घेरे का असर नहीं
- अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर बरकरार है। अक्टूबर माह में भी पारा 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। लगातार तीन दिन से दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक है। दिन में तेज धूप खिल रही है, जिसके चलते गर्मी का अहसास हो रहा है जबकि सूरज ढलने के साथ ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो रहा है। इससे रात के समय हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में देश के अलग-अलग हिस्सों में चक्रवाती घेरे बने हुए हैं, लेकिन उनका बहुत अधिक प्रभाव शहर पर नहीं है। ऐसे में फिलहाल मौसम इसी प्रकार शुष्क बना रहेगा।
गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही
बुधवार को दिन के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई थई, लेकिन गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। इसके चलते अधिकतम तापमान एक बार भी परवान चढ़ गया। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 0.4 डिसे की बढ़त के साथ 36.4 डिसे दर्ज किया गया।
यह सामान्य से 1.3 डिसे अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.9 डिसे की गिरावट के साथ 23.3 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.0 डिसे अधिक है।
चक्रवाती घेरे का अंचल पर कोई असर नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में उत्तर पूर्व बिहार और हरियाणा के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा मौजूद है। बिहार पर बने चक्रवाती घेरे से होकर एक ट्रफ झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक विस्तृत है। इसके चलते प्रदेश के कुछ शहरों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ वर्षा की संभावना है, लेकिन अंचल पर इसका कोई असर नहीं है। ऐसे में यहां फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
पारे की चाल
- अधिकतम तापमान-36.4 डिसे
- न्यूनतम तापमान-23.3 डिसे
- 05:30-23.8 डिसे
- 08:30-25.2 डिसे
- 11:30-33.4 डिसे
- 14:30-35.6 डिसे
- 17:30-31.0 डिसे