
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में कड़ी सुरक्षा रहेगी। बाजारों में जमकर भीड़ होगी, इसके चलते शुक्रवार से आगामी तीन दिन तक बाजार में सुरक्षा में दो हजार जवान तैनात रहेंगे। धनतेरस पर तीन शिफ्ट में पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
आठ-आठ घंटे जवान तैनात रहेंगे। सबसे ज्यादा जवान महाराज बाड़ा, सराफा बाजार और दौलतगंज में तैनात रहेंगे। क्राइम ब्रांच की टीम भी सादा वर्दी में तैनात रहेगी।
वाच टावर और ड्रोन कैमरे से भी निगरानी
बाजार में निगरानी के लिए तीन वाच टावर महाराज बाड़ा से सराफा बाजार तक रहेंगे। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से भी महाराज बाड़ा पर निगरानी की जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम में एक टीम रहेगी, जो सीसीटीवी कैमरों के जरिये सर्विलांस रूम से नजर रखेगी।
यह भी पढ़ें- कैमोर में 10 लाख टन एस्बेस्टस कचरे से गंभीर बीमारियों का खतरा, हाई कोर्ट ने मांगा जवाब
महिला पुलिसकर्मी और शक्ति मोबाइल से पेट्रोलिंग
सुबह से ही बाजारों में महिला पुलिसकर्मी गश्त करेंगी। साथ ही शक्ति मोबाइल से भी पेट्रोलिंग होगी। इसमें दो महिला एसआई रहेंगी, जबकि छह महिला आरक्षक तैनात रहेंगी।
जुए के अड्डों पर भी रहेगी निगाह
दीपावली के अवसर पर बड़े स्तर पर जुआ खेला जाता है। ऐसे में जुए के अड्डों की भी निगरानी की जाएगी।
धनतेरस से दीपावली तक बाजारों में कड़ी सुरक्षा रहेगी। करीब दो हजार जवान तैनात रहेंगे। कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। ट्रैफिक प्वाइंट निर्धारित किए हैं। श्रुतकीर्ति सोमवंशी, प्रभारी पुलिस अधीक्षक
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के सर्विस सेंटर में विवाद के बाद भड़का ग्राहक, शोरूम में खड़ी एक्टिवा को लगाई आग