
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर के बहोड़ापुर स्थित आनंद नगर चौपाटी में भरे बाज़ार विवेक मीणा की सिर में गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपित सौरभ यादव और राहुल यादव को पुलिस ने पकड़ लिया। रात करीब तीन बजे बदमाशों को पुलिस ने बहोड़ापुर इलाके में ही शंकरपुर पहाड़ी के पास घेर लिया।
जहां पुलिस को देखते ही इन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से भी गोली चलाई गई। जिसमें सौरभ यादव के घुटने में गोली लगी। राहुल पहाड़ी के पीछे छिपा था। उसे भी पकड़ लिया गया। दोनों के पास से कट्टा और पिस्टल बरामद हुए हैं।
शहर में चल रहा था विरोध प्रदर्शन
बता दें कि पांच दिन पहले मोमो के ठेले पर गोली मारकर लाला अग्रवाल, राहुल और सौरभ यादव ने विवेक की हत्या कर दी थी। आरोपितों की तलाश में पांच टीमें लगी थीं। आरोपितों के न पकड़े जाने को लेकर पांच दिन से शहर में सड़कों पर प्रदर्शन चल रहा था।
विवेक मीणा हत्याकांड के आरोपित सौरभ यादव और राहुल यादव को मुठभेड़ में पकड़ा है। इनके पास से दो हथियार भी बरामद हुए हैं। धर्मवीर सिंह, एसएसपी