
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मोती महल स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) अब शहर की 13 प्रमुख ऑनलाइन सेवाओं की निगरानी का केंद्र बन गया है। यहां से नगर निगम की सफाई व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी सर्विलांस और राशन वितरण तक की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।
शहर की 100 लोकेशनों पर लगे 407 कैमरे इस व्यवस्था का हिस्सा हैं। वहीं स्वच्छता हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण की दर 94 प्रतिशत तक पहुंचने का दावा किया गया है।
नगर निगम के अपर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ टी. प्रतीक राव ने बताया कि आईसीसीसी के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं को एकीकृत कर उनकी रियल टाइम निगरानी की जा रही है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लगे वाहनों को जीपीएस से जोड़ा गया है। कंट्रोल सेंटर से इनकी लाइव लोकेशन और मूवमेंट देखकर यह पता लगाया जा सकता है कि वाहन निर्धारित वार्डों में पहुंच रहे हैं या नहीं। जरूरत पड़ने पर संबंधित अमले को तत्काल निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) और सीसीटीवी सर्विलांस को भी आईसीसीसी से जोड़ा गया है। शहर की 100 लोकेशनों पर 407 कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा 24 प्रमुख स्थानों पर लगे विशेष कैमरे रांग साइड से वाहन चलाने वालों की पहचान कर ऑटोमेटिक चालान की कार्रवाई कर रहे हैं। इससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बढ़ी है।
कंट्रोल सेंटर से मिलने वाले सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सूचनाएं पुलिस के लिए भी मददगार साबित हो रही हैं। चोरी, अपहरण सहित अन्य आपराधिक मामलों में आरोपितों की पहचान और जांच में इनका उपयोग किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी सीईओ के अनुसार इस व्यवस्था से पुलिस को लगभग 70 से 80 प्रतिशत मामलों को तेजी से सुलझाने में मदद मिलने की जानकारी सामने आई है।
आईसीसीसी से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग, स्वच्छता हेल्पलाइन, आईटीएमएस, सीसीटीवी सर्विलांस, फसाड लाइटिंग, स्मार्ट वाशरूम प्रबंधन, ई-रिक्शा की कलर कोडिंग और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तथा मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के तहत राशन दुकानों से खाद्यान्न वितरण सहित कुल 13 सेवाओं की निगरानी की जा रही है। कोविड महामारी के दौरान भी इसी केंद्र से स्वास्थ्य सेवाओं, आपात परिस्थितियों और प्रशासनिक समन्वय की निगरानी की गई थी।