
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे जिले के 52 हजार से अधिक विद्यार्थियों के लिए इस बार तैयारी की रणनीति बदलना बेहद जरूरी हो गया है। सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं में प्रश्नपत्र के पैटर्न में बदलाव किया गया है, जिसके तहत दो अंक वाले अति लघु उत्तरीय प्रश्नों में मिलने वाला आंतरिक विकल्प समाप्त कर दिया गया है।
अब यदि किसी छात्र को दो नंबर का कोई प्रश्न नहीं आता है, तो उसके पास दूसरा सवाल चुनने का विकल्प नहीं रहेगा। यह नया नियम 17 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में लागू होगा, जिससे अब केवल चुनिंदा चैप्टर या गिने-चुने प्रश्नों के भरोसे परीक्षा देना आसान नहीं होगा।
बोर्ड के नए पैटर्न के अनुसार, सभी प्रश्नों से विकल्प नहीं हटाए गए हैं। तीन अंक वाले लघु उत्तरीय और चार अंक वाले दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में विद्यार्थियों को पहले की तरह इंटरनल चाइस की सुविधा मिलती रहेगी। इससे छात्र अपनी तैयारी के हिसाब से प्रश्नों का चयन कर सकेंगे। वहीं, एनएसक्यूएफ यानी कौशल आधारित विषयों में पांच अंक के दीर्घ उत्तरीय और सात अंक के निबंधात्मक प्रश्नों में भी आंतरिक विकल्प का लाभ विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
दो नंबर के सवालों में विकल्प खत्म होने से विद्यार्थियों को अब पूरे पाठ्यक्रम की गहराई से समझ बनानी होगी। किसी भी अध्याय या टॉपिक को छोड़कर पढ़ाई करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। छात्रों को छोटे और तथ्यात्मक प्रश्नों के उत्तर लिखने का नियमित अभ्यास करना होगा, ताकि परीक्षा के दौरान उत्तर लिखने में गति और सटीकता दोनों बनी रहें।
बदले हुए पैटर्न के बीच प्रदेश के विद्यार्थियों को नए ब्लू प्रिंट और मॉडल सैंपल पेपर जारी होने का इंतजार है। ब्लू प्रिंट आने से विषयवार अंक विभाजन और प्रश्नपत्र की संरचना को समझने में स्पष्टता मिलेगी, जबकि सैंपल पेपर से छात्र नए प्रारूप के अनुसार अभ्यास कर सकेंगे।