
अमित मिश्रा, नईदुनिया, ग्वालियर: मप्र पुलिस में आरक्षक के 7500 रिक्त पदों पर भर्ती (MP Police Constable Recruitment) के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण करीब 53000 अभ्यर्थी ग्वालियर के SAF मैदान सहित प्रदेश के 10 जिलों में सुबह छह बजे से मैदान पर दम-खम दिखा रहे हैं।
इस बार खास बात है कि देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से इंजीनियर और MBA की डिग्री लेने वाले युवक भी सिपाही बनने के लिए कतार में हैं। जो कभी बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों के सपनों में खोए रहते थे। अब मैदान पर पसीना बहा रहे हैं। अब वर्दी की जिद और सरकारी नौकरी के ठप्पे के लिए कतार में हैं।
खाकी वर्दी के प्रति दीवानगी कहें या सरकारी नौकरी के प्रति युवाओं की चाह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब साढ़े नौ लाख आवेदन 7500 पदों के लिए हुए थे। अक्टूबर माह में लिखित परीक्षा हुई थी। औसतन सिपाही के एक पद के लिए 126 आवेदन आएव्। अब लिखित परीक्षा परिणाम आने के बाद 23 फरवरी से शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रारंभ हुई। जिसमें प्रदेशभर से 53 हजार अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। यह परीक्षा 14 मार्च तक जारी रहेगी। अब सात गुना उम्मीदवार मैदान में हैं। एक पद के लिए सात उम्मीदवार हैं।
विश्लेषण: अधिकांश ग्रेजुएट, ग्वालियर में इंजीनियरिंग और तकनीकि डिप्लोमा धारी ही 127
ग्वालियर में SAF की 14वीं वाहिनी के मैदान पर शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है। यहां अब तक करीब चार हजार अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा दे चुके हैं। इसमें से अधिकांश ग्रेजुएट हैं। ग्वालियर में ही इंजीनियरिंग और तकनीकि डिप्लोमा धारी आवेदक 127 हैं। कुछ MBA भी किए हुए हैं। बीएससी, M.Sc. और MA वाले अभ्यर्थियों की संख्या तो काफी है। अब तक जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, उसमें से दो पीएचडी भी किए हुए हैं।
गुना के रहने वाले अजय रघुवंशी ग्वालियर में आरक्षक बनने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा देने के लिए ग्वालियर आए। उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग की थी। जब अच्छी नौकरी नहीं मिली तो सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू कर दी। इस बार उम्मीद है सिपाही बन जाएंगे।
इसी तरह ग्वालियर के रहने वाले रविंद्र तोमर ने बताया कि वह बीएससी कर चुके हैं। फाइनल ईयर के एमएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। पिता भी पुलिस में हैं, इसलिए वह पुलिस में जाना चाहते हैं।
आरक्षक भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है। अभी 14 मार्च तक परीक्षा जारी रहेगी। कई ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिनका एजुकेशनल बैकग्राउंड इंजीनियरिंग, MBA वाला है। ग्रेजुएट अभ्यर्थियों की संख्या तो काफी है। इनमें पुलिस की वर्दी के प्रति दीवानगी है।
अमित सांघी, डीआइजी, ग्वालियर रेंज