
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: ग्वालियर के पड़ाव क्षेत्र में संचालित अमन्त्रा स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर देह व्यापार का खुलासा किया है। यह कार्रवाई एएसपी विदिता डागर के नेतृत्व में चलाए जा रहे “होली के रंग सम्मान के संग” अभियान के तहत की गई।
त्योहार के मद्देनजर शहर के स्पा सेंटर और होटलों की जांच की जा रही है, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जानकारी के अनुसार फूलबाग स्थित अमन्त्रा स्पा सेंटर पर पुलिस ने एक सिपाही को ग्राहक बनाकर भेजा। वहां उसे एक एल्बम दिखाया गया, जिसमें विदेशी युवतियों को उपलब्ध कराने की बात कही गई। सौदा तय होते ही सिपाही ने इसकी सूचना एएसपी को दी। इसके बाद एएसपी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और छापा मारा।
छापे के दौरान पुलिस ने थाईलैंड की तीन युवतियों को पकड़ा। इनमें से दो युवतियां दो युवकों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। पुलिस ने दोनों युवकों और स्पा सेंटर के संचालक नितिन खरे को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए युवकों की पहचान अंकित करोसिया और शैलेंद्र नारंग के रूप में हुई है। सभी आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस पूछताछ में संचालक ने बताया कि स्थानीय युवतियों को दो से तीन हजार रुपये में और विदेशी युवतियों को पांच से दस हजार रुपये तक में उपलब्ध कराया जाता था।
यह भी पढ़ें- शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के पास कुत्तों ने खाया नवजात का शव... रास्ते में कई जगह बिखरे मिले अंग, वीडियो वायरल
थाईलैंड की युवतियों से बातचीत करने में पुलिस को कठिनाई हुई, क्योंकि वे न तो हिंदी बोल पा रही थीं और न ही ठीक से अंग्रेजी समझ पा रही थीं।
स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का अड्डा संचालित हो रहा था। यहां से दो युवक व संचालक को पकड़ा है। विदेशी युवतियों के साथ आपत्तिजनक हालत में युवक मिले थे। इन पर एफआइआर दर्ज की गई है।
-विदिता डागर, एएसपी।