शादी की पहली सालगिरह पर नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, दहेज प्रताड़ना से तंग आकर लगाई फांसी; पति समेत 4 पर FIR
Gwalior Dowry Death News: अलीगढ़ की रहने वाली 26 वर्षीय साक्षी चौधरी की शादी महाराजपुरा इलाके में रहने वाले गजेंद्र सिंह से 14 मई 2025 को हुई थी। शादी...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 04 Aug 2026 11:20:37 AM (IST)Updated Date: Tue, 04 Aug 2026 11:33:50 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र।HighLights
- शुरुआत में परिजनों ने जताया था हत्या का अंदेशा
- पीएम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि
- अलीगढ़ की रहने वाली थी मृतका साक्षी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा इलाके में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि शादी के बाद ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। आए दिन मारपीट की जाती थी। इसी से त्रस्त आकर उसने अपनी जान ले ली। इस मामले में पुलिस ने उसके इंजीनियर पति व अन्य ससुरालीजनों पर दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
यूपी के अलीगढ़ में है साक्षी का मायका
उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ की रहने वाली 26 वर्षीय साक्षी चौधरी की शादी महाराजपुरा इलाके में रहने वाले गजेंद्र सिंह से 14 मई 2025 को हुई थी। शादी की सालगिराह वाले दिन ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला था। उसके ससुराल वालों ने मायके पक्ष को सूचना दी थी। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया था। इसके चलते इस मामले में पुलिस ने डाक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया था।
स्कार्पियो और सोने के जेवर के लिए करते थे प्रताड़ित
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी आया। सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने इस मामले की जांच की। जांच में मृतक के मायके वालों के बयान लिए गए। इसमें सामने आया कि पति गजेंद्र सिंह, सास इंद्रादेवी, ससुर हरेश कुमार, योगेश कुमार दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। यह लोग शादी में सोने की करधौनी, चूड़ियां और स्कार्पियो की मांग करते थे। इसके चलते ही साक्षी की आए दिन मारपीट भी करते थे। कई बार उसने रोते हुए अपनी व्यथा स्वजन को बताई थी। पुलिस ने इस मामले में चारों पर दहेज हत्या की एफआइआर दर्ज कर ली है।