
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत ग्वालियर में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। शहर में 60 ई-बसों के संचालन के लिए रमौआ और जलालपुर स्थित इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आइएसबीटी) में तैयार किए जा रहे दोनों डिपो का सिविल वर्क पूरा हो चुका है। नगर निगम ने डिपो के लिए विद्युत कनेक्शन भी करा दिया है। ऐसे में अब ई-बसों की आमद और उनके संचालन के लिए जरूरी चार्जिंग स्टेशन तैयार करने का काम शेष रह गया है।
दरअसल, डिपो और चार्जिंग स्टेशन तैयार नहीं होने के कारण ग्वालियर को ई-बसों की आपूर्ति में लगातार देरी हो रही थी। दूसरी ओर भोपाल और इंदौर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत बसें पहुंच चुकी हैं। इसे देखते हुए ग्वालियर में भी डिपो का काम तेजी से पूरा कराया गया है। अब दोनों स्थानों पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
डिपो तैयार करने वाली कंपनी ग्रीन सेल मोबिलिटी के विशेषज्ञों ने पिछले दिनों रमौआ और आइएसबीटी स्थित दोनों डिपो का निरीक्षण किया था। टीम ने यहां उपलब्ध सुविधाओं और सिविल वर्क का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद कंपनी की ओर से डिपो में किए गए कार्य पर संतुष्टि जताई गई। इसके बाद अब चार्जिंग स्टेशन की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
ई-बसों के लिए सामान्य बस डिपो की तुलना में अलग तरह की व्यवस्था की जरूरत होगी। बसों की पार्किंग के साथ चार्जिंग प्वाइंट, विद्युत आपूर्ति और संचालन से जुड़ी अन्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं। कंपनी द्वारा दोनों डिपो में चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इसके बाद बसों को ग्वालियर लाने की प्रक्रिया तेज होगी।
ई-बसों के शहर में आने के बाद पहले चरण में उनकी तकनीकी जांच और संचालन से जुड़ी तैयारियां पूरी की जाएंगी। इसके बाद निर्धारित मार्गों पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे शहरवासियों को सार्वजनिक परिवहन का आधुनिक विकल्प मिलने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
रमौआ और आइएसबीटी स्थित दोनों डिपो को ई-बस संचालन की आधारभूत व्यवस्था के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां बसों की पार्किंग, चार्जिंग और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाएं रहेंगी। दोनों डिपो तैयार होने से शहर के अलग-अलग हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों को ई-बस सेवा से जोड़ने के लिए आधार तैयार हो जाएगा।
नगर निगम स्तर पर अब फोकस डिपो का काम पूरा होने के बाद चार्जिंग व्यवस्था को जल्द से जल्द तैयार कराने और कंपनी के साथ समन्वय कर बसों की आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने कहा- जबलपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी
दोनों डिपो का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बहुत जल्द ही ये डिपो बनकर तैयार हो जाएंगे। कंपनी को यहां चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था करनी है। उसके बाद बसें आने का रास्ता साफ हो जाएगा। - अभिषेक चौधरी, आयुक्त नगर निगम