ग्वालियर SSP दिनभर कोर्ट में खड़े रहे, बंदी को AIIMS न भेजने पर RI व कॉस्टेबल सस्पेंड
बंदी को एम्स नई दिल्ली भेजने के लिए जेल अधीक्षक केंद्रीय जेल ग्वालियर ने रक्षित निरीक्षक ग्वालियर को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने के लिए 34 पत्र भेजे थे।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 10:06:51 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 10:35:48 AM (IST)
HighLights
- सुरक्षा गार्ड के लिए भेजे थे 34 पत्र
- लापरवाही पर आरआइ व आरक्षक निलंबित
- सुनवाई के दौरान कोर्ट में पेश हुए एसएसपी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। केंद्रीय जेल ग्वालियर में निरुद्ध एक बंदी को उपचार के लिए एम्स नई दिल्ली भेजने को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने के मामले में हाई कोर्ट की फटकार के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने रक्षित निरीक्षक (RI) रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को निलंबित कर दिया है। गुरुवार को इस मामले की कोर्ट में सुनवाई की गई। इस दौरान एसएसपी कोर्ट में उपस्थित हुए।
सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने के लिए भेजे थे 34 पत्र
दरअसल, केंद्रीय जेल ग्वालियर में निरुद्ध बंदी नरहरि पुत्र रामभरोसे को जेएएच ग्वालियर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मेडिकल परीक्षण और फालोअप के लिए हायर मेडिकल सेंटर एम्स नई दिल्ली रेफर किया गया था। बंदी को एम्स नई दिल्ली भेजने के लिए जेल अधीक्षक केंद्रीय जेल ग्वालियर ने रक्षित निरीक्षक ग्वालियर को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने के लिए 34 पत्र भेजे थे।
आरक्षक देवेंद्र भदौरिया ने की घोर लापरवाही
रक्षित केंद्र ग्वालियर के अभिलेखों के प्रथम दृष्टया परीक्षण में यह पाया गया कि जेल से प्राप्त पत्राचार के बावजूद आरक्षक देवेंद्र भदौरिया द्वारा कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतते हुए सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। वहीं रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार द्वारा भी पत्राचार के पालन में पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती गई। ऐसे में दोनों को निलंबित कर पुलिस लाइन में अटैच किया गया है।