_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे में घायल 14 वर्षीय शैलेन्द्र सिंह तोमर पुत्र धर्मेंद्र सिंह निवासी मुरैना को भी बुधवार दोपहर अपोलो अस्पताल से एयर एंबुलेंस से भोपाल एम्स भेजा गया। हादसे में अब तक तीन घायलों को उपचार के लिए भोपाल एम्स भेजा जा चुका है।
निजी अस्पताल में भर्ती घायल अंकित कुशवाह पुत्र जयनारायण कुशवाह को भी ऑपरेशन के लिए गुरुवार को भोपाल एम्स भेजने की तैयारी है। इस बीच मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव बुधवार को भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे।
उन्होंने यहां पहले से भर्ती संजय शर्मा और कल्पना परिहार के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनके स्वजन को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और एम्स प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- पटवारियों की हड़ताल से प्रदेश में बढ़ी लोगों की मुसीबतें, जमीन के सौदे से लेकर प्रमाणपत्र और किसानों के सर्वे अटके
मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही पिछले दिनों संजय शर्मा और कल्पना परिहार को एयर एम्बुलेंस से भोपाल भेजा गया था। संजय शर्मा के भाई जितेंद्र शर्मा ने एम्स में बेहतर सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने तक नहीं पहुंचा।
ट्रॉमा सेंटर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, मरीजों के परिजनों से की चर्चा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार दोपहर जयाआरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने यहां भर्ती राजबहादुर और सोनू वर्मा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही उनके स्वजन से उपचार की स्थिति के बारे में पूछा।
पटवारी ने चिकित्सकों से भी इलाज को लेकर बातचीत की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे। ट्रामा सेंटर में हादसे में घायल सात मरीज भर्ती थे। इनमें से दो को भोपाल एम्स भेजा जा चुका है, जबकि तीन मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।