संपत्ति के लिए हैवान बने बेटा-बहू, वृद्ध माता-पिता को भूखा रखकर पीटा, एसएसपी ऑफिस पहुंचे पीड़ित
हालात इतने बदतर हैं कि यदि घर की बड़ी बहू उन्हें छुपकर रोटी दे देती है, तो छोटा बेटा और बहू उस थाली को फेंक देते हैं। वृद्ध माता-पिता को भूखा रहना पड़ता है।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 09:32:49 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 09:33:09 AM (IST)
HighLights
- बेटा-बहू फेंक देते थे छुपकर दी गई रोटियां
- सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे तोड़े
- एसएसपी ऑफिस में रोते हुए बयां किया दर्द
नईदुनिया प्रतनिधि, ग्वालियर। महाराजपुरा इलाके में संपत्ति के लिए वृद्ध दंपत्ति को उनके बेटा-बहू ने पीटा। प्रताड़ना की सारी हदें पार कर दीं, तब वृद्ध माता-पिता एसएसपी ऑफिस पहुंचे और रोते हुए अधिकारियों को अपना दर्द बताया। बेटा-बहू ने इन्हें भूखा रखा। इतना ही नहीं सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले।
64 वर्षीय नरेश पत्नी पुष्षा के संग एसएसपी ऑफिस पहुंचे
64 वर्षीय नरेश शर्मा स्वास्थ्य विभाग से कंपाउंडर के पद से मई 2025 में रिटायर हुए हैं। मंगलवार को वह अपनी पत्नी पुष्पा संग एसपी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उनका छोटा बेटा मनुदत्त शर्मा निजी स्कूल में शिक्षक है। बेटा मनुदत्त और छोटी बहू दिव्या शर्मा तीन साल से संपत्ति के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। हालात इतने बदतर हैं कि यदि घर की बड़ी बहू उन्हें छुपकर रोटी दे देती है, तो छोटा बेटा और बहू उस थाली को फेंक देते हैं। इन्हें भूखा रहना पड़ता है।
नाती ऋतुराज को शराब की लगा दी है लत
बुजुर्ग पिता ने अपने ही कमरे के बाहर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, लेकिन जब छोटे बेटे को भनक लगी, तो वह भड़क उठा और गुस्से में आकर उन कैमरों को भी तोड़ दिया। इनका कहना है- नाती ऋतुराज शर्मा को भी शराब की लत लगाकर बिगाड़ दिया है, जबकि बड़े बेटे की पत्नी विनीता शर्मा पहले से ही ब्रेन हेमरेज से पीड़ित हैं।